• Wed. May 13th, 2026

    विधायक, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने पीड़ित परिवारजन को दी सांत्वना

    Share

    एफआईआर दर्ज, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित

    जौनपुर 03 मई 2026 (सू0वि0)- जनपद में खेतासराय के समीप घटित हृदयविदारक घटना जिसमें सरायख्वाजा निवासी आजाद बिंद की असमय मृत्यु से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है। यह घटना अत्यंत दुःखद है, साथ भी अंतर्मन को झकझोर देने वाली भी है।
    आज माननीय विधायक शाहगंज श्री रमेश सिंह, जिलाधिकारी डॉ0 दिनेश चंद्र एवं पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने मृतक के घर पहुंचकर शोकाकुल परिजनों से भेंट कर उन्हें ढांढस बंधाया।
    अधिकारीगण ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन समय में जिला प्रशासन पूरी तरह से पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है।
    इस दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि यह घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। अपराध करने वाला निश्चित रूप से आपराधिक प्रवृत्ति का है तथा उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। इसके साथ ही उन्होंने परिजनों को आश्वस्त किया कि माननीय मुख्यमंत्री जी के निर्देश के क्रम में इस जघन्य अपराध में संलिप्त किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। अपराधियों के विरुद्ध कठोरतम विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि न्याय स्थापित हो और यह घटना समाज में एक सख्त संदेश के रूप में सामने आए।
    जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु विशेष टीमों का गठन किया गया है तथा सभी संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है।
    जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों से शांति एवं संयम बनाए रखने की अपील की है, साथ ही किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने का आग्रह भी किया है।
    इससे पूर्व मा0 राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण श्री गिरीश चंद्र यादव जी ने भी परिजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *