
इंदिरा गांधी स्टेडियम में 76वीं जनपदीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का शुभारंभ

जौनपुर। इंदिरा गांधी स्टेडियम में मंगलवार को 76वीं जनपद स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता 2026-27 का शुभारंभ प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार गिरीश चंद्र यादव ने सरस्वती प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष मनोरमा मौर्य विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। प्रतियोगिता का आयोजन जनता जनार्दन इंटर कॉलेज, जासोपुर चकिया की ओर से किया गया।
कार्यक्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक देवेंद्र कुमार सिंह, सह जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश यादव और कॉलेज के प्रबंधक लाल साहब यादव ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि तथा अन्य गणमान्य लोगों को पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया।

अपने संबोधन में राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने खिलाड़ियों को प्रदेश सरकार की ओर से दी जा रही सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने एशियाई खेलों में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को पहले से अधिक आर्थिक सहायता और सरकारी नौकरी जैसी सुविधाएं देने के लिए मुख्यमंत्री एवं प्रदेश सरकार के प्रति आभार जताया। उन्होंने खिलाड़ियों को मेहनत, अनुशासन और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता के तहत मुख्य अतिथि के समक्ष आयोजित 800 मीटर दौड़ में मड़ियाहूं तहसील के शिव ओम ने प्रथम, बदलापुर तहसील के अमन कुमार ने द्वितीय और शाहगंज तहसील के सत्यम बिंद ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता खिलाड़ियों को मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष अजय कुमार सिंह, पूर्व प्रांतीय माध्यमिक शिक्षक संघ अध्यक्ष रमेश सिंह, प्रधानाचार्य डॉ. जंग बहादुर सिंह, डॉ. शैलेंद्र सिंह, डॉ. आरडी सिंह, आलोक सिंह, जय प्रकाश सिंह, राकेश सिंह, व्यायाम शिक्षक निखिल सिंह, राजीव कुमार सिंह, मेजर दिलीप सिंह, कृष्ण मोहन सिंह, सुरेश यादव, संतोष पटेल और खेल सचिव सुदीप कुमार सिंह सहित विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य एवं शिक्षक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन राम दुलार यादव, राम प्रताप विश्वकर्मा, डॉ. महारुद्र सिंह और गौरव तिवारी ने किया। अंत में आयोजक विद्यालय के प्रबंधक लाल साहब यादव एवं प्रधानाचार्य रमेश चंद्र ने सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।









