मुकदमा दर्ज होने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
जफराबाद। लाइनबाजार थाना क्षेत्र के परियावा गांव में गुरुवार सुबह खेत के चारों ओर लगाए गए अवैध करंट की चपेट में आने से 40 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने खेत मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग करते हुए काफी देर तक शव उठाने नहीं दिया। बाद में मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार परियावा गांव निवासी साहबलाल गौतम (40) पुत्र फेरई राम गौतम सुबह घर से शौच के लिए पोखरे की ओर गए थे। रास्ते में गांव निवासी जितेंद्र यादव ने अपने खेत में बोई गई बाजरे की फसल को आवारा पशुओं से बचाने के लिए खेत के चारों ओर लोहे के तार में अवैध रूप से करंट प्रवाहित कर रखा था। बताया जा रहा है कि करंट प्रवाहित तार टूटकर खेत से सटे बगीचे तक पहुंच गया था।
इसी दौरान साहबलाल गौतम उस करंटयुक्त तार की चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। पोखरे की ओर जा रहे अन्य लोगों ने घटना देख शोर मचाया, जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
सूचना मिलते ही लाइनबाजार पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए कब्जे में लेने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीणों ने खेत मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग करते हुए शव उठाने से इंकार कर दिया।
बाद में पुलिस ने आरोपी जितेंद्र यादव के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद ग्रामीण शांत हुए और पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।

