मछलीशहर। जमुहर बाजार में आबादी क्षेत्र में संचालित शराब की दुकान को लेकर गुरुवार को ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। विरोध के दौरान मौके पर तनाव बढ़ गया और पुलिस के साथ नोकझोंक की स्थिति उत्पन्न हो गई। स्थिति बिगड़ने पर हाईवे जाम करने का प्रयास कर रहे लोगों को पुलिस ने बल प्रयोग कर हटाया।
जानकारी के अनुसार, जमुहर बाजार में चल रही शराब की दुकान को गांव से गुजरने वाले खाखोपुर मार्ग पर शिफ्ट किए जाने की प्रक्रिया चल रही थी। इसका ग्रामीणों ने विरोध किया था और 30 जून को एसडीएम अजय उपाध्याय को ज्ञापन भी सौंपा गया था। गुरुवार को दुकान संचालक के पहुंचने की सूचना पर बड़ी संख्या में महिलाएं और ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हुई। आरोप है कि पुलिस ने जाम हटाने के दौरान बल प्रयोग किया, जिससे महिलाओं में आक्रोश फैल गया। वहीं पुलिस ने चक्का जाम की कोशिश को विफल कर दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि शराब की दुकान के कारण क्षेत्र में आए दिन नशे में लोगों द्वारा अभद्रता की जाती है तथा खाली बोतलें और रैपर उनके घरों के आसपास फेंके जाते हैं, जिससे गंदगी फैल रही है।
मामले को शांत कराने के लिए तहसीलदार हुसैन अहमद मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रण में किया। उन्होंने बताया कि प्रशासनिक निर्णय तक दुकान को पुराने स्थान पर ही संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं। फिलहाल क्षेत्र में शांति बनी हुई है।

