• Fri. May 29th, 2026

    जौनपुर में वांछित बदमाश मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

    Share

    वाराणसी और जौनपुर में 10 मुकदमे दर्ज, पहले साथी को पकड़ चुकी है पुलिस

    जौनपुर। जिले के जलालपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुरुवार शाम मुठभेड़ के बाद एक वांछित बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। पकड़ा गया आरोपी विनय सरोज उर्फ बिन्नी वाराणसी और जौनपुर जनपद में दर्ज कुल 10 आपराधिक मामलों में वांछित चल रहा था। पुलिस ने उसे बहरीपुर गांव स्थित हरदनबीर मंदिर के पास से दबोचा।

    मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी

    जानकारी के अनुसार जलालपुर थानाध्यक्ष प्रशांत सिंह को मुखबिर से सूचना मिली थी कि वांछित बदमाश विनय सरोज उर्फ बिन्नी इलाके में मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई और बहरीपुर गांव के पास घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

    पुलिस के अनुसार आरोपी काफी समय से फरार चल रहा था और उसकी तलाश लगातार की जा रही थी।

    6 मई की मुठभेड़ में पुलिस को चकमा देकर फरार हुआ था बदमाश

    पुलिस के मुताबिक 6 मई 2026 को जलालपुर थाना क्षेत्र के डिंगुरपुर नहर रोड पर वाहन चेकिंग के दौरान बाइक सवार बदमाशों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई थी। उस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश अंकित यादव उर्फ मोनू यादव के पैर में गोली लग गई थी, जबकि उसका साथी बाइक लेकर मौके से फरार हो गया था।

    बाद में फरार बदमाश की पहचान विनय सरोज उर्फ बिन्नी पुत्र दीनानाथ सरोज निवासी बहरीपुर थाना जलालपुर के रूप में हुई थी। तभी से पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।

    आरोपी पर वाराणसी और जौनपुर में दर्ज हैं कई मुकदमे

    थानाध्यक्ष प्रशांत सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी विनय उर्फ बिन्नी के खिलाफ कुल 10 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें दो मुकदमे वाराणसी जिले के शिवपुर थाने में, एक मुकदमा केराकत थाने में तथा सात मुकदमे जलालपुर थाने में दर्ज हैं।

    पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तारी के बाद इलाके में पुलिस सतर्कता भी बढ़ा दी गई है।

    Trimurti multi speciality hospital Ad

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You missed