• Fri. May 29th, 2026

    जलालपुर अस्पताल परिसर में जलभराव से मरीज परेशान

    Share

    बारिश के बाद आवागमन बाधित, संक्रामक बीमारियों का बढ़ा खतरा

    जलालपुर, जौनपुर। शुक्रवार सुबह हुई बारिश के बाद जलालपुर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर पूरी तरह जलमग्न हो गया। अस्पताल परिसर में पानी भर जाने से मरीजों, तीमारदारों और स्वास्थ्य कर्मियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जलभराव के चलते अस्पताल में आने-जाने का रास्ता प्रभावित हो गया है।

    एक सप्ताह से बनी हुई है समस्या

    स्थानीय लोगों के अनुसार अस्पताल परिसर में पहले से ही नाली का गंदा पानी जमा था। लगातार जल निकासी न होने के कारण पिछले लगभग एक सप्ताह से मरीज और स्वास्थ्य कर्मी इस समस्या से जूझ रहे हैं। बारिश के बाद स्थिति और भी गंभीर हो गई है।

    परिसर में जमा पानी ओपीडी और पर्ची काउंटर तक पहुंच गया है, जिससे मरीजों को इलाज के लिए काफी दिक्कत उठानी पड़ रही है।

    स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन मौन

    प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जलालपुर के प्रभारी गौरव सिंह ने मामले पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। उन्होंने इतना जरूर कहा कि यह समस्या कई वर्षों से बनी हुई है और कई बार इसकी शिकायत भी की जा चुकी है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं निकल सका है।

    वहीं ग्राम पंचायत और ब्लॉक स्तर के जिम्मेदार अधिकारी भी इस गंभीर समस्या पर चुप्पी साधे हुए हैं।

    मरीजों और गर्भवती महिलाओं को हो रही परेशानी

    यह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जलालपुर कस्बे के अलावा सिरकोनी, मुफ्तीगंज ब्लॉक क्षेत्र और आसपास के गांवों से आने वाले मरीजों के लिए प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र है। अस्पताल परिसर में प्रसव कक्ष भी संचालित होता है, जहां प्रतिदिन गर्भवती महिलाओं और उनके परिजनों का आना-जाना लगा रहता है।

    जलभराव के कारण मरीजों और गर्भवती महिलाओं को कीचड़ और गंदे पानी के बीच होकर गुजरना पड़ रहा है, जिससे संक्रमण का खतरा भी बढ़ गया है।

    संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ा

    अस्पताल परिसर में जमा सड़ा हुआ गंदा पानी संक्रामक बीमारियों को दावत दे रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द जल निकासी की व्यवस्था नहीं की गई तो मच्छरों और गंदगी के कारण डेंगू, मलेरिया तथा अन्य बीमारियों के फैलने की आशंका बढ़ सकती है।

    लोगों ने स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन से जल्द समस्या का समाधान कराने की मांग की है।

    Trimurti multi speciality hospital Ad

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You missed