जौनपुर, 03 जुलाई। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में शुक्रवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना के तहत किए गए कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि जून 2026 तक जनपद में कुल 5,044 सोलर इंस्टालेशन पूर्ण किए जा चुके हैं। वहीं जून माह के लिए निर्धारित 600 इंस्टालेशन के लक्ष्य के सापेक्ष 780 सोलर इंस्टालेशन पूरे किए गए, जो लक्ष्य का 130 प्रतिशत है। इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर जौनपुर को सीएम डैशबोर्ड में ‘ए’ श्रेणी प्राप्त हुई है।
जिलाधिकारी ने बैंक एवं विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि सोलर इंस्टालेशन से जुड़े लंबित प्रकरणों की स्पष्ट रिपोर्ट 9 जुलाई 2026 तक प्रस्तुत की जाए। उन्होंने विद्युत विभाग के खंड-2 एवं खंड-4 के अधिकारियों को नेट मीटर कॉन्फिगरेशन एवं लंबित निरीक्षण कार्य शीघ्र पूरा कर आख्या देने के निर्देश भी दिए।
बैठक में डिफॉल्टर सोलर वेंडरों के विरुद्ध आरसी जारी करने के भी निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने योजना के लाभार्थियों से अपील की कि वे प्राथमिकता के आधार पर अपने बकाया बिजली बिल का भुगतान करें, ताकि विद्युत विभाग निरीक्षण की प्रक्रिया पूरी कर सके और अनुदान की राशि शीघ्र उनके बैंक खातों में हस्तांतरित की जा सके।
बैठक में परियोजना निदेशक, जिला ग्राम्य विकास अभिकरण, परियोजना अधिकारी यूपीनेडा, विद्युत विभाग एवं बैंक के अधिकारी तथा पंजीकृत सोलर वेंडर उपस्थित रहे।


