जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में “यूपी इंटीग्रेटेड स्कूल व्हीकल मैनेजमेंट पोर्टल” (UPISVMP) के संबंध में कलेक्ट्रेट सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के समस्त स्कूली वाहन संचालित विद्यालयों के प्रबंधक एवं प्रधानाचार्य उपस्थित रहे।
बैठक में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) द्वारा जानकारी दी गई कि पोर्टल पर कुल 1499 स्कूली वाहन ऑनबोर्ड किए गए हैं, जिनमें से 896 वाहनों के दस्तावेज पूर्ण पाए गए, जबकि 603 वाहनों के परमिट, बीमा, फिटनेस एवं प्रदूषण प्रमाणपत्र सहित अन्य अभिलेख अपूर्ण हैं।
इस पर जिलाधिकारी ने सभी स्कूल प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि दस्तावेज पूर्ण कराए बिना किसी भी वाहन का संचालन न किया जाए। उन्होंने कहा कि स्कूली वाहनों का संचालन निर्धारित मानकों के अनुरूप होना चाहिए। वाहनों की गति सीमा नियंत्रित रहे, सभी वाहन पीले रंग के हों, प्रशिक्षित चालकों द्वारा ही संचालन किया जाए तथा वाहनों पर आपातकालीन मोबाइल नंबर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किया जाए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी विद्यालय ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान अपने वाहनों के समस्त प्रपत्र पूर्ण करा लें। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अवकाश समाप्त होने के बाद यदि बिना वैध दस्तावेजों वाले वाहन संचालित पाए गए तो संबंधित विद्यालय और वाहन के विरुद्ध विधिसंगत कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानंद झा, सभी उपजिलाधिकारी, बेसिक शिक्षा अधिकारी गोरखनाथ पटेल, जिला अग्निशमन अधिकारी, क्षेत्राधिकारी ट्रैफिक, सहायक यातायात निरीक्षक, यात्री एवं मालकर अधिकारी सहित परिवहन विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


