• Wed. May 20th, 2026

    21 मई को होगी लेखपाल मुख्य परीक्षा, जौनपुर में 21 केंद्रों पर 9696 अभ्यर्थी होंगे शामिल

    Share

    जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आगामी लेखपाल मुख्य परीक्षा-2025 की तैयारियों के संबंध में बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने हेतु आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

    बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा बताया गया कि लेखपाल मुख्य परीक्षा 21 मई 2026 को एक पाली में प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक आयोजित की जाएगी। जनपद में परीक्षा के लिए कुल 21 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा के सफल संचालन हेतु 21 जोनल मजिस्ट्रेट, 21 सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा 5 आरक्षित सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। इसके अतिरिक्त 21 स्टैटिक मजिस्ट्रेट एवं 10 आरक्षित स्टैटिक मजिस्ट्रेट भी नामित किए गए हैं।

    अधिकारियों ने जानकारी दी कि जिले में कुल 9696 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। इस पर जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, पेयजल, विद्युत, शौचालय एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं समय से सुनिश्चित कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

    जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा पूर्ण पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ संपन्न कराई जाए। परीक्षा केंद्रों पर सतर्क निगरानी बनाए रखी जाए तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा से संबंधित उपलब्ध कराई गई बुकलेट का सभी अधिकारी गहन अध्ययन कर लें और उसमें दिए गए दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करें।

    उन्होंने सभी स्टैटिक मजिस्ट्रेट को अपने-अपने परीक्षा केंद्रों का पूर्व भ्रमण कर वहां की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। साथ ही पुलिस विभाग को सतर्कता बरतने तथा यातायात निरीक्षक को परीक्षा के दौरान सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

    बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानंद झा, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट, केंद्राध्यक्ष एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

    Ashirwad IVF Centre Jaunpur
    Ashirwad IVF Centre Jaunpur

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You missed