जौनपुर। बदलापुर तहसील क्षेत्र के सिंहावल गांव की खतौनी में कथित फर्जी प्रविष्टि के विरोध में सोमवार को बहुजन क्रांति पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। इसके बाद अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपकर मामले की उच्चस्तरीय जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान उमाशंकर ने आरोप लगाया कि उन्होंने गाटा संख्या 470/0.1380 हेक्टेयर भूमि वर्ष 2004 और 2011 में बैनामे के माध्यम से खरीदी थी, जिसके बाद उनका नाम खतौनी में दर्ज था। इसके बावजूद कथित फर्जी अमलदरामद के आधार पर जोखन लाल के नाम प्रविष्टि कर दी गई और उसी आधार पर बैंक से ऋण भी प्राप्त कर लिया गया।
उन्होंने दावा किया कि वर्तमान खतौनी में दर्ज आदेश मालिकान रजिस्टर में उपलब्ध नहीं है, जिससे उसकी प्रामाणिकता संदिग्ध प्रतीत होती है। उनका कहना है कि 18 मई को इस संबंध में प्रार्थना पत्र देने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई।
ज्ञापन के माध्यम से बहुजन क्रांति पार्टी ने फर्जी प्रविष्टि निरस्त करने, पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने तथा कथित रूप से अवैध तरीके से लिए गए बैंक ऋण की भी जांच कराने की मांग की।

