जौनपुर। जलालपुर थाना क्षेत्र के पराऊगंज में पांच वर्षीय बालक की कथित गलत इलाज से मौत के मामले में स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक निजी क्लीनिक को सील कर दिया है। साथ ही संबंधित चिकित्सक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
बताया जा रहा है कि 22 जून की रात पांच वर्षीय ओम विश्वकर्मा की कथित रूप से गलत इंजेक्शन लगाए जाने के बाद मौत हो गई थी। घटना के बाद परिजनों ने शव के साथ प्रदर्शन कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।
मामले की जांच क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. कमल रंजन के नेतृत्व में की गई। जांच में सामने आया कि संबंधित क्लीनिक आयुर्वेदिक उपचार के लिए पंजीकृत था, लेकिन वहां एलोपैथिक पद्धति से मरीजों का इलाज किया जा रहा था। जांच रिपोर्ट के आधार पर क्लीनिक को सील कर चिकित्सक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया।
इस बीच क्षेत्र में यह भी चर्चा है कि आयुर्वेदिक और यूनानी पंजीकरण वाले कई अन्य क्लीनिकों में भी एलोपैथिक उपचार किया जा रहा है, हालांकि अब तक उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
सीएचसी रेहटी के अधीक्षक डॉ. आलोक सिंह ने बताया कि ऐसे मामलों की जांच और कार्रवाई क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी विभाग के अधिकार क्षेत्र में आती है।

