जौनपुर। बदलापुर कोतवाली क्षेत्र में श्रीकृष्णा नगर रेलवे स्टेशन के पास घाटमपुर गांव के समीप बुधवार को रेलवे ट्रैक पर करीब 70 वर्षीय अज्ञात बुजुर्ग का क्षत-विक्षत शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव मिलने की जानकारी होते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
ग्रामीणों की सूचना पर बदलापुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। प्रथमदृष्टया आशंका जताई जा रही है कि बुजुर्ग की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हुई है।
बदलापुर थाना प्रभारी फूलचंद्र पाण्डेय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मृतक की पहचान कराने के प्रयास में जुटी है। आसपास के गांवों में भी बुजुर्ग के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस के अनुसार मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। खबर लिखे जाने तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी थी। मामले की जांच जारी है।


