
मतदाता पुनरीक्षण अभियान का विशेष कार्याधिकारी ने किया निरीक्षण, सभी बूथों पर उपस्थित मिले बीएलओ

जौनपुर। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत रविवार को जनपद के विभिन्न मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय से आए विशेष कार्याधिकारी शिव प्रताप शुक्ल ने सदर विधानसभा क्षेत्र-366 के विभिन्न बूथों का सघन निरीक्षण कर मतदाता पंजीकरण कार्यों और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
उन्होंने बूथ संख्या 362, 363, 364, 365, 366, 369, 370, 371, 372, 373, 374, 469 से 474 तथा 479 से 482 का निरीक्षण किया। इस दौरान सभी मतदेय स्थलों पर व्यवस्थाएं भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों के अनुरूप पाई गईं। सभी बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने-अपने बूथों पर उपस्थित मिले।
विशेष कार्याधिकारी ने आलेख्य मतदाता सूची की उपलब्धता, सुपरवाइजरों के पर्यवेक्षण, बीएलओ ऐप के उपयोग और मतदाताओं की सहायता के लिए बनाए गए हेल्प डेस्क का जायजा लिया। नए मतदाताओं, विशेषकर 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं और महिलाओं के नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6, नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 तथा संशोधन, स्थानांतरण एवं दिव्यांग मतदाताओं के चिन्हांकन के लिए फॉर्म-8 पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध मिले।
निरीक्षण के दौरान पात्र नागरिकों को आवेदन जमा करते हुए पाया गया। बीएलओ द्वारा आवेदनों की जांच, पावती देने और उन्हें ऑनलाइन दर्ज करने की प्रक्रिया भी सुचारू रूप से संचालित मिली।
इसके साथ ही विशेष कार्याधिकारी ने 85 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं के सत्यापन, मार्क इलेक्टर्स की जांच और लंबित कॉलों के समयबद्ध निस्तारण की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिया कि मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध, त्रुटिरहित और अद्यतन बनाए रखने के लिए पारदर्शिता एवं तत्परता के साथ कार्य करें, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे।





















