सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा में डीएम ने खराब रैंकिंग वाले विभागों को दी चेतावनी

Share

जौनपुर। जिलाधिकारी उमेश मिश्र की अध्यक्षता में शनिवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड के अंतर्गत विभिन्न विभागों की वित्तीय एवं प्रगति संबंधी समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभागवार योजनाओं और विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने तथा निर्धारित लक्ष्यों को समय से पूरा करने के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान जिन विभागों की प्रगति सी और डी श्रेणी में पाई गई, उनके प्रति जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने निर्देशित किया कि आगामी माह तक विभागीय प्रगति में सुधार करते हुए ए अथवा बी श्रेणी प्राप्त करना सुनिश्चित करें। साथ ही पोर्टल पर उपलब्ध आंकड़ों और विभागीय कार्यों की नियमित समीक्षा करने को कहा।
जिलाधिकारी ने सभी कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिया कि निर्माणाधीन परियोजनाओं का थर्ड पार्टी इंस्पेक्शन अनिवार्य रूप से कराया जाए। परियोजनाओं से संबंधित कुल स्वीकृत बजट, वर्तमान कार्य प्रगति, निर्धारित पूर्णता तिथि और कार्य समाप्ति का विवरण सहित सभी महत्वपूर्ण जानकारियां सूचना बोर्ड पर प्रदर्शित कराई जाएं। उन्होंने समयसीमा के भीतर निर्माण कार्यों को प्राथमिकता से पूरा कराने पर भी जोर दिया।
विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने ट्रांसफार्मर बदलने और बिजली बिल संशोधन से संबंधित शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन मामलों में कोई भी शिकायत लंबित नहीं रहनी चाहिए, ताकि जनपद की रैंकिंग प्रभावित न हो। चिकित्सा विभाग की समीक्षा करते हुए जननी सुरक्षा योजना के क्रियान्वयन में सुधार लाकर रैंकिंग बेहतर करने के निर्देश दिए।
फैमिली आईडी बनाए जाने में खराब रैंकिंग पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने लाभार्थीपरक योजनाओं से जुड़े सभी विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर पात्र लाभार्थियों की फैमिली आईडी बनवाने के निर्देश दिए, जिससे सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंच सके।
बैठक में सड़क निर्माण एवं मरम्मत, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, जल जीवन मिशन, स्वास्थ्य सेवाओं, पशुपालन, छात्रवृत्ति, पिछड़ा वर्ग कल्याण और प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्थाओं को समयसीमा के भीतर सभी परियोजनाएं पूरी कराने के निर्देश दिए, ताकि निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति हो सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं और विकास कार्यों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। सभी पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ समय से मिलना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों को समय से पूरा करने और जनपद की रैंकिंग बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी नरेंद्र बहादुर सिंह, परियोजना निदेशक के.के. पाण्डेय, जिला विकास अधिकारी मीनाक्षी देवी, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी डॉ. अरुण कुमार यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

SHARE THIS ARTICLE
ABOUT AUTHOR
Satyameva Jayate News
Satyameva Jayate News ✓
Satyameva Jayate News के लिए समाचार और विशेष रिपोर्ट प्रकाशित करते हैं।

🌤️ मौसम अपडेट

LIVE
मौसम की ताज़ा जानकारी लोड हो रही है…

🔮 आज का राशिफल

♈

मेष

आज का राशिफल लोड हो रहा है…

यह दैनिक राशिफल सामान्य ज्योतिषीय संकेतों पर आधारित है।

ताज़ा ख़बरें