
शिव धाम बेलवाई में भव्य दीपोत्सव, हजारों श्रद्धालुओं ने किया दीपदान

शाहगंज, जौनपुर। काशी और अयोध्या के मध्य, सुल्तानपुर, जौनपुर, आजमगढ़ और अंबेडकरनगर जनपदों की सीमाओं के समीप स्थित आध्यात्मिक एवं आस्था के प्रमुख केंद्र सिद्धपीठ श्री भुवनेश्वरनाथ महादेव मंदिर शिव धाम बेलवाई में देवदीप मानव उत्थान सेवा समिति शिवधाम बेलवाई के स्थापना दिवस एवं देव दीपावली पर भव्य दीपोत्सव हुआ। इस मौके पर क्षेत्र के हजारों शिवभक्त मंदिर परिसर पहुंचे और बाबा भुवनेश्वरनाथ के दरबार में दीपदान कर अपने परिवार की सुख, समृद्धि, खुशहाली एवं कल्याण की मंगलकामना किया।
इस मौके पर मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा। मंदिरों के नगर बेलवाई में श्रद्धालुओं की सहभागिता से दीपों की सुंदर छटा देखने को मिली। श्रीराम चरित मानस पाठ एवं सुंदर कांड का भक्तिपूर्ण आयोजन हुआ। भगवान भोलेनाथ का भव्य श्रृंगार किया गया जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा। श्री कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की छात्राओं ने मंदिर परिसर में आकर्षक रंगोली बनाकर उत्सव की सुंदरता में चार चांद लगा दिए। दीपोत्सव के समापन पर बाबा भुवनेश्वरनाथ की आरती एवं विधिवत पूजन किया गया जिसके पश्चात श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
कार्यक्रम में सहयोग करने वाले बच्चों को मंदिर के पुजारी सुदामा गिरी ने सम्मानित किया। दीपोत्सव को सफल एवं व्यवस्थित बनाने में बाजार के बच्चों का विशेष सहयोग रहा जिसकी उपस्थित लोगों ने सराहना किया। इस अवसर पर दिलीप मोदनवाल पूर्व प्रधान शिवधाम बेलवाई, अमित सिंह चौकी प्रभारी बेलवाई सहित पुलिस बल और क्षेत्र के सम्मानित शिवभक्त उपस्थित रहे।
जौनपुर में गोवध और पशु क्रूरता के मामले में चार गिरफ्तार, एक आरोपी पर पहले से दर्ज हैं छह मुकदमे







