योगी के नेतृत्व में बदल रही है उत्तर प्रदेश की तस्वीर : नितिन गडकरी

Share

यूपी होगा ऊर्जा का निर्यातक प्रदेश

जौनपुर। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने गुरुवार को मुंगराबादशाहपुर स्थित सार्वजनिक इंटर कॉलेज में आयोजित जनसभा में कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश की तस्वीर तेजी से बदल रही है। प्रदेश में सड़कों का जाल बिछ रहा है और बेहतर कनेक्टिविटी से विकास को नई गति मिल रही है। आने वाले समय में उत्तर प्रदेश देश के अग्रणी राज्यों में शामिल होगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश प्रभु श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण की धरती है। प्रदेश के विकास में वह कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेंगे।

केंद्रीय मंत्री ने कार्यक्रम के दौरान लगभग 3,650 करोड़ रुपये की आठ सड़क परियोजनाओं का रिमोट के माध्यम से शिलान्यास और लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी को मुंगराबादशाहपुर बाईपास निर्माण का दिया गया वचन पूरा करने का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता की मांग पर बाईपास निर्माण का आश्वासन दिया था और तय किया था कि जब तक इसके लिए धनराशि स्वीकृत नहीं होगी, तब तक यहां नहीं आएंगे। आज अपना वादा पूरा करके जनता के बीच पहुंचे हैं। इस बाईपास के निर्माण पर 198 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

सीमा द्विवेदी के वादे को किया पूरा

गडकरी ने कहा कि राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी ने उनसे मुंगराबादशाहपुर में बाईपास निर्माण की मांग की थी। उन्होंने भरोसा दिया था कि इस मांग को पूरा किया जाएगा। साथ ही कहा था कि जब तक बाईपास के लिए धनराशि अवमुक्त नहीं होगी, तब तक वह कार्यक्रम में शामिल होने नहीं आएंगे। अब परियोजना के लिए 198 करोड़ रुपये की धनराशि निर्धारित कर अपना वादा पूरा किया है। उन्होंने कहा कि बाईपास बनने से मुंगराबादशाहपुर में लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिलेगी और आसपास के क्षेत्रों के आवागमन में सुविधा होगी।

योगी सरकार में सड़कों का विस्तार

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्रेस के 50 वर्षों के शासनकाल में जितनी सड़कें नहीं बनीं, उससे कई गुना अधिक सड़कें भाजपा सरकार के कार्यकाल में बनाई गई हैं। उन्होंने अपने राजनीतिक और प्रशासनिक अनुभव साझा करते हुए कहा कि जब वह महाराष्ट्र में लोक निर्माण मंत्री थे, तब मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे का निर्माण कराया था। इसके बाद देश में आधुनिक सड़क परिवहन के क्षेत्र में लगातार काम हुआ।

उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के साथ काम करने के अनुभव का जिक्र करते हुए कहा कि अटल जी ने उनसे शहरों के साथ गांवों में भी सड़क निर्माण कराने को कहा था। इसी सोच के तहत प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना की शुरुआत हुई। आज साढ़े तीन लाख गांवों तक सड़कें पहुंच चुकी हैं और ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क निर्माण का काम लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि मजबूत सड़कें गांवों की अर्थव्यवस्था और विकास को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

अमेरिका से बेहतर होंगी यूपी की सड़कें

गडकरी ने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सामने संकल्प व्यक्त किया था कि उत्तर प्रदेश की सड़कें अमेरिका की सड़कों से भी बेहतर होंगी। अब इस दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में ग्रीनफील्ड हाईवे, एक्सप्रेसवे और आधुनिक सड़क परियोजनाओं का विस्तार हो रहा है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में लगभग पांच लाख करोड़ रुपये की सड़क परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है। इनमें एक लाख करोड़ रुपये के कार्य पूरे हो चुके हैं, जबकि सवा लाख करोड़ रुपये के कार्य प्रगति पर हैं। शेष परियोजनाओं पर भी काम किया जाना है। गोरखपुर से शामली तक छह लेन की सड़क, गोरखपुर से सिलीगुड़ी तक ग्रीनफील्ड हाईवे और वाराणसी से कोलकाता तक सड़क निर्माण जैसी परियोजनाएं प्रदेश की कनेक्टिविटी को नई दिशा देंगी। वाराणसी में गंगा किनारे एलिवेटेड रोड और एयरपोर्ट तक सुरंग निर्माण का भी उल्लेख किया।

किसान अब ऊर्जादाता भी बनेगा जल्द

किसानों की आर्थिक स्थिति और भविष्य की संभावनाओं पर चर्चा करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि देश का किसान अब केवल अन्नदाता नहीं रहेगा, बल्कि ऊर्जादाता, बिजली दाता और डामर दाता भी बनेगा। आने वाले समय में वह हाइड्रोजन दाता भी बनेगा और इसकी अगुवाई उत्तर प्रदेश का किसान करेगा। वह दिन दूर नहीं, जब उत्तर प्रदेश ऊर्जा का निर्यातक प्रदेश बनेगा।

उन्होंने कहा कि भारत हर साल पेट्रोलियम पदार्थों के आयात पर करीब 22 लाख करोड़ रुपये विदेश भेजता है। उनका प्रयास है कि यह धनराशि किसानों की आमदनी बढ़ाने में काम आए। इसके लिए गन्ने, मक्का, गेहूं और ज्वार से एथेनॉल उत्पादन को बढ़ावा दिया जा रहा है। वैकल्पिक ईंधन के उपयोग से किसानों को अतिरिक्त आय मिलने के साथ देश की विदेशी ईंधन पर निर्भरता भी कम होगी।

एथेनॉल से चलेगी टोयोटा इनोवा कार

गडकरी ने बताया कि इसी महीने टोयोटा की इनोवा गाड़ी लॉन्च की जाएगी, जो पूरी तरह एथेनॉल से चलेगी। इसके अलावा इलेक्ट्रिक और हाइड्रोजन से चलने वाले वाहनों के विकास पर भी काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हाइड्रोजन से चलने वाली बाइक और कार के क्षेत्र में भी पहल की गई है। आने वाले समय में कृषि उत्पादों से तैयार ईंधन परिवहन व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा बनेगा।

किसानों की बदहाल आर्थिक स्थिति का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि उनके क्षेत्र में आर्थिक तंगी के कारण बड़ी संख्या में किसानों ने आत्महत्या की थी। इसी अनुभव ने उन्हें किसानों की स्थिति सुधारने के लिए वैकल्पिक आय के रास्ते तलाशने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि मक्के से एथेनॉल बनाने का निर्णय लेने के बाद इसका मूल्य 2,600 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया, जिससे उत्तर प्रदेश और बिहार के किसानों को करीब 45 हजार करोड़ रुपये का लाभ मिला।

उन्होंने कहा कि भविष्य में किसान हवाई जहाज के लिए ईंधन तैयार करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश के किसान हाइड्रोजन उत्पादन की दिशा में आगे बढ़ेंगे। इससे कृषि क्षेत्र को नई संभावनाएं मिलेंगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।

खराब निर्माण पर ठेकेदारों को चेतावनी

सड़क निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए केंद्रीय मंत्री ने ठेकेदारों को सख्त चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि उन्होंने किसी भी ठेकेदार से एक पैसा नहीं लिया है। यदि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से समझौता किया गया तो संबंधित ठेकेदार के खिलाफ ऐसी कार्रवाई होगी कि वह दोबारा काम नहीं कर सकेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी परियोजनाओं में ईमानदारी और निर्धारित मानकों का पालन अनिवार्य है।

गडकरी ने बताया कि वह अपने कार्यालय से ही सड़क परियोजनाओं की नियमित समीक्षा करते हैं। निर्माण कार्यों की छोटी-छोटी बातों पर नजर रखी जाती है और गुणवत्ता की रिपोर्ट उपग्रह के माध्यम से भी प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पराली से डामर बनाने का प्रयोग सफल

केंद्रीय मंत्री ने कृषि अपशिष्ट के उपयोग की संभावनाओं पर भी चर्चा की। उन्होंने जबलपुर में पुआल से डामर तैयार कर सड़क निर्माण करने का उदाहरण देते हुए कहा कि किसानों के खेतों में बचने वाले कृषि अपशिष्ट से भी उपयोगी सामग्री बनाई जा सकती है। इससे पराली के बेहतर उपयोग के साथ किसानों को अतिरिक्त आमदनी का अवसर मिलेगा और पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि किसी भी विकसित देश के लिए बेहतर सड़क, पानी, बिजली और दूरसंचार व्यवस्था बेहद जरूरी है। आधुनिक परिवहन सुविधाएं उद्योग, व्यापार, कृषि और रोजगार के अवसरों को बढ़ाती हैं। देश में बन रहे ग्रीनफील्ड हाईवे और आधुनिक सड़कें भविष्य के विकास की तस्वीर प्रस्तुत कर रही हैं।

जनता के विश्वास से विकास संभव

गडकरी ने कहा कि देश और प्रदेश की तस्वीर बदलने का श्रेय केवल किसी नेता या सरकार को नहीं दिया जा सकता। इसका सबसे बड़ा श्रेय जनता को जाता है, जिसने जनप्रतिनिधियों पर विश्वास जताया और काम करने का अवसर दिया। उन्होंने कहा कि वह जो कहते हैं, उसे पूरा करने का प्रयास करते हैं और अपने कार्यों को डंके की चोट पर बताते हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के विकास में पूर्वांचल की महत्वपूर्ण भूमिका है। वाराणसी, गोरखपुर, मिर्जापुर, जौनपुर और अयोध्या से जुड़ी सड़क परियोजनाओं से क्षेत्रीय कनेक्टिविटी बेहतर होगी। इससे व्यापार, उद्योग, कृषि और पर्यटन को भी लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की तस्वीर बदलने के लिए केंद्र और प्रदेश सरकार मिलकर काम कर रही हैं।

सीमा द्विवेदी ने बताया स्वर्णिम राजनीतिक क्षण

राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी ने अपने संबोधन में कहा कि उनके 31 वर्षों के राजनीतिक जीवन का यह स्वर्णिम पल है, जिसे वह कभी नहीं भूल सकतीं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता के प्रति वह हमेशा आभारी रहेंगी। जनता की सेवा के लिए उन्होंने लगातार मेहनत की है और मुंगराबादशाहपुर बाईपास की स्वीकृति उनके प्रयासों का महत्वपूर्ण परिणाम है।

उन्होंने कहा कि इस बाईपास से केवल मुंगराबादशाहपुर ही नहीं, बल्कि पूर्वांचल के आसपास के जिलों से आने-जाने वाले लोगों को भी जाम से राहत मिलेगी। गांव-गांव में सड़कों का निर्माण हो रहा है और उत्तर प्रदेश में आमूलचूल परिवर्तन दिखाई दे रहा है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की सराहना करते हुए कहा कि क्षेत्र की जनता को मिला यह उपहार हमेशा याद रखा जाएगा।

सीमा द्विवेदी ने केंद्रीय मंत्री के समक्ष जंघई-निभापुर अंडरपास, मछलीशहर बाईपास, बेलवार से सुजानगंज मार्ग और जंघई से मुंगराबादशाहपुर मार्ग सहित कई अन्य सड़कों के निर्माण की मांग भी रखी। उनकी मांगों पर केंद्रीय मंत्री ने सकारात्मक रुख दिखाते हुए उन्हें पूरा करने का आश्वासन दिया।

जनप्रतिनिधियों ने जताया केंद्रीय मंत्री का आभार

कार्यक्रम में लोक निर्माण राज्यमंत्री बृजेश सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रतिनिधि के रूप में केंद्रीय मंत्री का स्वागत किया। उन्होंने क्षेत्र में सड़क परियोजनाओं के विस्तार को विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि उन्होंने केंद्रीय मंत्री से जो भी मांग रखी, उसे पूरा करने का प्रयास किया गया। इसके लिए उन्होंने जिले की जनता की ओर से उनका आभार जताया।

इस मौके पर जिलाधिकारी जौनपुर सैमुअल पॉल एन और एसएसपी डॉ. यशवीर सिंह ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को स्मृति चिह्न भेंट किया। कार्यक्रम में काशी क्षेत्र के अध्यक्ष अशोक चौरसिया, भाजपा जौनपुर जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति, मछलीशहर जिलाध्यक्ष डॉ. अजय सिंह, विधायक रमेश मिश्रा, रमेश सिंह, डॉ. आरके पटेल, बृजेश सिंह प्रिंसू, पूर्व केंद्रीय गृह राज्यमंत्री कृपाशंकर सिंह, पूर्व सांसद बीपी सरोज, पूर्व विधायक बांके लाल सोनकर, सुरेंद्र सिंह, जगदीश सोनकर, सुषमा पटेल, नगर पालिका अध्यक्ष कपिल मुनि, ब्लॉक प्रमुख सत्येंद्र सिंह फंटू समेत अनेक जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

SHARE THIS ARTICLE
ABOUT AUTHOR
Satyameva Jayate News
Satyameva Jayate News ✓
Satyameva Jayate News के लिए समाचार और विशेष रिपोर्ट प्रकाशित करते हैं।

🌤️ मौसम अपडेट

LIVE
मौसम की ताज़ा जानकारी लोड हो रही है…

🔮 आज का राशिफल

♈

मेष

आज का राशिफल लोड हो रहा है…

यह दैनिक राशिफल सामान्य ज्योतिषीय संकेतों पर आधारित है।

ताज़ा ख़बरें