त्योहारों को लेकर शांति समिति की बैठक, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश

Share

डीएम ने धनतेरस व दीपावली से पहले कर्मचारियों का वेतन भुगतान करने और बाजारों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा

जौनपुर। धनतेरस, दीपावली एवं छठ पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सोमवार को जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला शांति समिति की बैठक हुई। इसमें त्योहारों के मद्देनजर साफ-सफाई, पेयजल, बिजली, सड़क, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग को प्रमुख मार्गों और बाजारों की क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कराने तथा विद्युत विभाग को जर्जर तारों और खंभों को बदलकर निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा। नगर निकायों को बाजारों, पूजा स्थलों और सार्वजनिक स्थानों पर विशेष सफाई अभियान चलाने, कूड़ा उठान, नालियों की सफाई, जलनिकासी और प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों को अधिकारियों, कर्मचारियों और आउटसोर्सिंग कर्मियों का वेतन धनतेरस एवं दीपावली से पहले भुगतान करने पर भी जोर दिया।

खाद्य सुरक्षा विभाग को मिठाइयों और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के लिए छापेमारी व नमूना संग्रह करने तथा अग्निशमन विभाग को बाजारों और पटाखा बिक्री स्थलों पर सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा गया। पुलिस को प्रमुख बाजारों, चौराहों और सर्राफा बाजारों में पर्याप्त बल तैनात करने, महिला सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। पटाखों की बिक्री निर्धारित स्थलों पर ही कराने, मूल्य सूची प्रदर्शित करने और प्रतिबंधित पटाखों की बिक्री रोकने को कहा गया।

एसएसपी डॉ. यशवीर सिंह ने साइबर अपराधों से सतर्क रहने, अनजान नंबरों से मिली एपीके फाइल डाउनलोड नहीं करने और भ्रामक संदेशों को बिना पुष्टि साझा नहीं करने की अपील की। उन्होंने अफवाह फैलाने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की चेतावनी दी।

बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व परमानंद झा, नगर मजिस्ट्रेट महिपाल सिंह, एसडीएम सदर योगिता सिंह, विभागीय अधिकारी, व्यापार मंडल के प्रतिनिधि और शांति समिति के सदस्य मौजूद रहे।

SHARE THIS ARTICLE
ABOUT AUTHOR
Satyameva Jayate News
Satyameva Jayate News ✓
Satyameva Jayate News के लिए समाचार और विशेष रिपोर्ट प्रकाशित करते हैं।

🌤️ मौसम अपडेट

LIVE
मौसम की ताज़ा जानकारी लोड हो रही है…

🔮 आज का राशिफल

♈

मेष

आज का राशिफल लोड हो रहा है…

यह दैनिक राशिफल सामान्य ज्योतिषीय संकेतों पर आधारित है।

ताज़ा ख़बरें