
नाबालिग का दो बार खून निकालने के आरोप में ब्लड बैंक संचालक समेत पांच पर मुकदमा

जौनपुर। शहर में रुपये का लालच देकर 15 वर्षीय नाबालिग का एक महीने के भीतर दो बार खून निकालने का मामला सामने आया है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने ब्लड बैंक संचालक समेत पांच लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। मामले ने स्वास्थ्य विभाग की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार, सुल्तानपुर निवासी बिलकीश जहां अपने परिवार के साथ कोतवाली क्षेत्र के बलुआघाट मोहल्ले में किराये के मकान में रहती हैं। उनका 15 वर्षीय बेटा इब्राहिम हाशमी सिपाह निवासी साकिब मेंहदी के संपर्क में था। आरोप है कि 12 सितंबर को साकिब उसे बहला-फुसलाकर लाइन बाजार थाना क्षेत्र के मुरादगंज में दुबे ढाबा के पास स्थित गोमती चैरिटेबल ब्लड बैंक ले गया, जहां उसका खून निकलवाया गया। आरोप है कि एक महीने के भीतर दो बार उसका खून निकालकर बेच दिया गया।
शिकायत के मुताबिक, ब्लड बैंक में इब्राहिम के आधार कार्ड के स्थान पर अर्जुन गौतम का आधार कार्ड इस्तेमाल किया गया। बाद में इब्राहिम की तबीयत बिगड़ने पर परिजनों को मामले की जानकारी हुई। इसके बाद उन्होंने शहर कोतवाल अनीता सिंह से शिकायत की। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए ब्लड बैंक संचालक समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद नाबालिगों की सुरक्षा और ब्लड बैंकों की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठ रहे हैं। मामले की जांच के बाद ही आरोपों की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।








