
दहेज में बुलेट न मिलने पर विवाहिता की हत्या का आरोप, पति समेत कई पर मुकदमा

जफराबाद (जौनपुर)। जलालपुर थाना क्षेत्र के हौज नवाबाद गांव में मंगलवार देर रात विवाहिता शशिबाला का शव फंदे से लटकता मिला। मृतका के पिता ने दहेज की मांग पूरी न होने पर हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पति, सास-ससुर, ननद समेत अन्य रिश्तेदारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कादीपुर गांव निवासी लक्ष्मी नारायण ने अपनी पुत्री शशिबाला की शादी हौज नवाबाद निवासी दुर्गेश से की थी। दंपती का दो वर्षीय बेटा है। पिता के अनुसार, शादी के बाद से ससुराल वाले बुलेट मोटरसाइकिल की मांग कर रहे थे और मांग पूरी न होने पर शशिबाला को धमकाते थे।
मंगलवार रात समधी ने फोन कर शशिबाला के आत्महत्या करने की सूचना दी। सूचना पर थानाप्रभारी सत्येंद्र विक्रम सिंह और उपनिरीक्षक सुजीत ओझा मौके पर पहुंचे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।








