
दुर्गा पंडाल में करंट से बच्चे की मौत, एसडीएम और एक्सईएन से जवाब तलब

जौनपुर। केराकत कोतवाली क्षेत्र के खटहरा गांव में दुर्गा पूजा पंडाल में करंट उतरने से सात वर्षीय रीवांश की मौत के मामले में जिलाधिकारी सैमुअल पाल ने एसडीएम केराकत और विद्युत वितरण खंड प्रथम के अधिशासी अभियंता से जवाब मांगा है। दोनों अधिकारियों को तीन दिनों के भीतर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया गया है।
बताया गया कि रविवार रात पंडाल में करंट उतरने से नीरज सरोज के बेटे रीवांश की मौत हो गई थी। घटना के बाद बिजली सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई की गई है। जिलाधिकारी ने दुर्गा पूजा से पहले अधिकारियों के साथ बैठक कर सभी पंडालों की सुरक्षा जांच कराने और रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे। आरोप है कि इन निर्देशों का गंभीरता से पालन नहीं किया गया। इसी मामले में एसडीएम केराकत अखिलेश कुमार सिंह और विद्युत वितरण खंड प्रथम के अधिशासी अभियंता से जवाब तलब किया गया है। अधिकारियों के स्पष्टीकरण के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।








