
चिकित्सा प्रतिपूर्ति भुगतान में अवरोध से पेंशनर्स का इलाज प्रभावित

जौनपुर। सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं पेंशनर्स एसोसिएशन उत्तर प्रदेश की जनपद शाखा की मासिक बैठक गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित पेंशनर्स कार्यालय में हुई। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सीबी सिंह ने की। उन्होंने कहा कि शासन स्तर से पेंशनर्स के चिकित्सा प्रतिपूर्ति देयकों के भुगतान की व्यवस्था 30 सितंबर तक ऑफलाइन तथा एक अक्टूबर से ऑफलाइन और ऑनलाइन दोनों माध्यमों से करने की स्पष्ट व्यवस्था की गई है। इसके बावजूद मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय स्तर पर 30 सितंबर तक के चिकित्सा प्रतिपूर्ति देयक तकनीकी परीक्षण के लिए 25 सितंबर से लेना बंद कर दिया गया है। उन्होंने इसे शासनादेश के विपरीत बताते हुए व्यवस्था जल्द दुरुस्त करने की मांग की।
सीबी सिंह ने चेतावनी दी कि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो एसोसिएशन संगठनात्मक कार्रवाई, अनशन और धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होगा। उन्होंने प्रांतीय कार्यक्रम के तहत हुए धरना-प्रदर्शन में पेंशनर्स की बड़ी भागीदारी के लिए सभी का आभार जताया और आगामी संघर्ष के लिए तैयार रहने का आह्वान किया।
राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के पूर्व अध्यक्ष एवं संरक्षक राकेश कुमार श्रीवास्तव ने केंद्र सरकार से आठवें केंद्रीय वेतन आयोग के संकल्प पत्र में पेंशनर्स के टर्म्स ऑफ रेफरेंस को तत्काल शामिल करने की मांग की। बैठक में सदस्यों ने चिकित्सा प्रतिपूर्ति में आ रही समस्याओं को रखा और मांगों के समर्थन में आगामी संघर्ष में तन-मन-धन से सहयोग का संकल्प लिया।
बैठक में ओंकार नाथ मिश्र, कान्ति सिंह, मोराली सिंह, कृष्ण कुमार त्रिपाठी, चंद्रशेखर सिंह, कंचन सिंह, राजपति विश्वकर्मा, नंदलाल सरोज, अशोक कुमार मौर्य, सुबेदार यादव, मिठाई लाल, शम्भूनाथ यादव, इं. प्रमोद कुमार सिंह, राजेंद्र प्रसाद सिंह, विक्रमाजीत यादव, जियाराम यादव, पलकधारी गोपाल, ओश्रीवास्तव, राजेश कुमार श्रीवास्तव, अशोक कुमार मिश्र, डॉ. भारत यादव, वीवी सिंह, दिनेश चंद्र सिंह, फूल चंद्र नाविक, चंद्र प्रकाश पटेल, राम चंद्र राम, दशरथ राम आदि मौजूद रहे। अंत में स्व. ठकुरी यादव और स्व. दूधनाथ यादव के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की गई। संचालन जिलामंत्री कृपाशंकर उपाध्याय ने किया।








