
सुखनई नदी में बड़ा हादसा, श्राद्ध करने गए नदी में डूबने से एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत

झांसी के मऊरानीपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया। रानीपुर चौकी क्षेत्र के देवरी सिंहपुरा गांव में सुखनई नदी में श्राद्ध करने गए पांच लोग डूब गए। स्थानीय लोगों के मुताबिक, पहले दो व्यक्ति नदी में डूबने लगे। उन्हें बचाने के प्रयास में तीन अन्य लोग भी नदी में उतर गए और देखते ही देखते पांचों पानी में समा गए।काफी प्रयास के बाद पांचों को नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। शवों को निकालकर मऊरानीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां डॉक्टरों ने पांचों को मृत घोषित कर दिया।पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक सभी एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं। हादसे की खबर मिलते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।








