
माँ भवानी बालिका इंटर कॉलेज का मनाया गया स्थापना दिवस

बक्शा।स्थानीय विकास खण्ड के अर्धपुर, सडे़री स्थित माँ भवानी बालिका इंटर कॉलेज में शुक्रवार को 30वाँ वार्षिकोत्सव / स्थापना दिवस समारोह बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय परिसर में किया गया, जहाँ सुबह से ही छात्राओं, अभिभावकों, शिक्षकों और क्षेत्र के गणमान्य लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। पूरे विद्यालय को फूलों और रंग-बिरंगी झालरों से सजाया गया था।
समारोह के मुख्य अतिथि रेनू सिंह प्रोफेसर टीडी कालेज ने माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद छात्राओं ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के संस्थापक / प्रबन्धक स्व. शिवानन्द सिंह को विशेष रूप से याद किया गया। वक्ताओं ने कहा कि स्व. शिवानन्द सिंह ने ग्रामीण क्षेत्र में बालिका शिक्षा के लिए जो सपना देखा था, आज वह विद्यालय उस सपने को साकार कर रहा है। उनकी सोच थी कि गाँव की बेटियाँ भी शहर की बेटियों की तरह पढ़-लिखकर आगे बढ़ें।
विशिष्ट अतिथि डॉ अतुल प्रकाश यादव जिला अध्यक्ष पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ जौनपुर ने अपने संबोधन में कहा कि प्रबंधक महोदय ने ग्रामीण अंचल में इस विद्यालय की स्थापना करके ग्रामीण बच्चों को घर के पास ही पढ़ने का अवसर दिया।
उन्होंने कहा कि इससे उन बच्चों को सबसे ज्यादा लाभ मिला जो पढ़ने के लिए शहर नहीं जाना चाहते थे या जिनके परिवार उन्हें दूर नहीं भेजना चाहते थे। खासकर बच्चियों के लिए यह पहल बहुत ही अच्छी रही, क्योंकि अब गाँव की बेटियाँ भी सुरक्षित माहौल में अच्छी शिक्षा प्राप्त कर रही हैं।उन्होंने छात्राओं से मन लगाकर पढ़ने और अपने माता-पिता व गाँव का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर छात्राओं द्वारा एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। देशभक्ति गीत, लोकगीत, नृत्य और नाटक की प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। छात्राओं की प्रस्तुतियों पर उपस्थित लोगों ने तालियाँ बजाकर उनका उत्साह बढ़ाया।
इस अवसर पर अजय प्रकाश सिंह, अमिताभ सिंह, प्रधानाचार्य मंजू सिंह, प्रबंधक आभा सिंह, आशुतोष उपाध्याय जिला मंत्री भाजपा, जय सिंह यादव जिला उपाध्यक्ष पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ, शैलेन्द्र सिंह प्रबंधक आदर्श इंटर कालेज शम्भूगंज, श्रद्धानंद प्रधानाचार्य, संजीव सिंह, नरेंद्र बहादुर सिंह सहित विद्यालय के समस्त अध्यापक / अध्यापिका, छात्राएँ, अभिभावक व क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में प्रबंधक व प्रधानाचार्य ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और छात्राओं का आभार व्यक्त किया।








