
गांधी तिराहे पर तीन युवकों ने किया हंगामा, विवाद शांत कराने पहुंचे सिपाही से भी हाथापाई

जौनपुर। मड़ियाहूं के गांधी तिराहे पर रविवार रात तीन युवकों ने नशे की हालत में जमकर हंगामा किया। पहले तीनों आपस में मारपीट करने लगे। सूचना पर विवाद शांत कराने पहुंचे सिपाही के साथ भी हाथापाई करने का आरोप है। घटना के बाद पुलिस ने तीनों युवकों को हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। सोमवार शाम तीनों को कोर्ट में पेश किया गया।
जानकारी के अनुसार, रविवार रात गांधी तिराहे पर तीन युवक शराब के नशे में आपस में भिड़ गए और मारपीट करने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन विवाद बढ़ता गया। सूचना मिलने पर मड़ियाहूं थाने के सिपाही धर्मेंद्र बिंद मौके पर पहुंचे। उन्होंने युवकों को समझाकर मामला शांत कराने की कोशिश की।
आरोप है कि नशे में धुत युवकों ने सिपाही धर्मेंद्र के साथ भी हाथापाई शुरू कर दी। इसके बाद सिपाही ने घटना की सूचना थाने पर दी। सिपाही के साथ अभद्रता की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और तीनों युवकों को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में युवकों की पहचान मड़ियाहूं नगर पंचायत के भंडारिया टोला निवासी मिंटू सेठ, हरखपुर शकर मंडी निवासी प्रदीप कुमार और सुल्तानपुर गौर निवासी अखिलेश पांडेय के रूप में हुई। पुलिस तीनों को थाने ले गई।
थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि तीनों युवकों का शांति भंग की आशंका में चालान किया गया है। सोमवार शाम उन्हें कोर्ट में पेश किया गया। जिस कार से तीनों युवक आए थे, उसका भी चालान किया गया।
घटना के दौरान गांधी तिराहे पर कुछ देर के लिए लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस की कार्रवाई के बाद स्थिति सामान्य हो गई।













