
इंस्टाग्राम से शुरू हुआ रिश्ता हाईकोर्ट पहुंचा, परिजनों की सहमति के बाद साथ रहने पर बनी बात

जौनपुर। शाहगंज कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में इंस्टाग्राम के जरिए शुरू हुआ एक रिश्ता पुलिस और कोर्ट तक पहुंच गया। करीब दो साल से साथ रह रहे प्रेमी युगल ने परिजनों से सुरक्षा की आशंका जताते हुए हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की थी। कोर्ट के निर्देश पर पुलिस ने दोनों पक्षों को कोतवाली बुलाकर बातचीत कराई। इसके बाद परिजनों ने युवक-युवती के साथ रहने पर सहमति जताई।
जानकारी के अनुसार, अंबेडकरनगर के टांडा का एक परिवार शाहगंज क्षेत्र के गांव में किराए के मकान में रहता था। इसी दौरान परिवार की युवती की पहचान गांव के एक युवक से इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई। बातचीत बढ़ने के साथ दोनों एक-दूसरे के करीब आ गए। बाद में दोनों ने साथ रहने का फैसला किया और करीब दो वर्षों से लिव-इन रिलेशनशिप में रहने की बात सामने आई।
बताया गया कि परिजनों से सुरक्षा को लेकर चिंतित युवक-युवती ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया। याचिका पर सुनवाई के दौरान कोर्ट ने शाहगंज कोतवाली पुलिस से मामले की रिपोर्ट मांगी।
कोर्ट के निर्देश पर पुलिस ने युवक-युवती के साथ उनके परिजनों को भी कोतवाली बुलाया। पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक बातचीत हुई। बातचीत के दौरान परिजनों ने युवक-युवती की बात सुनी और अंत में उनके साथ रहने पर सहमति जताई।
पुलिस ने दोनों पक्षों की बातचीत और सहमति से संबंधित तथ्यों को दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की कार्रवाई उपलब्ध तथ्यों और कोर्ट के निर्देशों के आधार पर की जाएगी।








