
जौनपुर में गोवध और पशु क्रूरता के मामले में चार गिरफ्तार, एक आरोपी पर पहले से दर्ज हैं छह मुकदमे

जौनपुर। जलालपुर थाना क्षेत्र में गोवध एवं पशु क्रूरता से संबंधित मामले में जलालपुर पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक नगर के दिशा-निर्देशन और क्षेत्राधिकारी केराकत के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष शिवानंद सिसोदिया के नेतृत्व में जलालपुर पुलिस और एसओजी टीम ने मुकदमा अपराध संख्या 529/2026 के तहत कार्रवाई करते हुए अमरनाथ यादव उर्फ क्षमानाथ यादव, आकाश यादव, विशाल यादव और सर्वेश कुमार प्रजापति निवासी रेहटी तुल्लापुर, थाना जलालपुर को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में अमरनाथ यादव के खिलाफ पहले से गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट और बीएनएस की धाराओं में छह मुकदमे दर्ज हैं। वहीं सर्वेश कुमार प्रजापति के खिलाफ आर्म्स एक्ट के दो मुकदमे सहित कुल तीन मुकदमे दर्ज हैं। अन्य दो आरोपियों के खिलाफ फिलहाल इस मामले में मुकदमा दर्ज है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष शिवानंद सिसोदिया, एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक यदुवेंद्र सिंह, उपनिरीक्षक अनिल कुमार, वरिष्ठ उपनिरीक्षक राजकुमार तिवारी सहित जलालपुर थाना और एसओजी के पुलिसकर्मी शामिल रहे।








