
डीबीएस इंटर कॉलेज में यातायात जागरूकता अभियान, बच्चों ने नुक्कड़ नाटक व रंगोली से दिया सड़क सुरक्षा का संदेश


जौनपुर। कादीपुर, रामदयालगंज स्थित डीबीएस इंटर कॉलेज में सोमवार को यातायात जागरूकता अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान नुक्कड़ नाटक, पोस्टर गैलरी, रंगोली, भाषण और गीत के माध्यम से विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में यातायात विभाग के टीएसआई जयनारायण यादव और हेड कांस्टेबल सत्यानंद तिवारी ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए सड़क सुरक्षा के महत्व और राहवीर की भूमिका के बारे में बताया। अदिति तिवारी, गौरव गौतम सहित अन्य विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर लोगों को जागरूक किया। वहीं कक्षा 12वीं बी, 11वीं बी और कक्षा नौ की छात्राओं ने आकर्षक रंगोली बनाकर सड़क सुरक्षा का संदेश दिया। सिम्पी ने कविता पाठ किया, जबकि अनमोल ने भाषण के माध्यम से यातायात नियमों के पालन की अपील की।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य सुनील विश्वकर्मा ने विद्यार्थियों के रचनात्मक प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। कार्यक्रम में नूतन, जुबेर, तरुण, रासु मौर्य सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।







