युवा और महिला मतदाताओं के पंजीकरण पर विशेष जोर

Share

राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम, 51 छात्राओं ने भरा फॉर्म-6

जौनपुर। मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2027 के तहत युवा और महिला मतदाताओं का पंजीकरण बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी उमेश मिश्रा के निर्देशन में स्वीप कार्यक्रम के अंतर्गत राजकीय बालिका इंटर कॉलेज जौनपुर में निर्वाचन साक्षरता क्लब (ईएलसी) की ओर से मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें छात्राओं को लोकतंत्र में मतदान के अधिकार और मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में स्वीप प्रभारी एवं जिला विद्यालय निरीक्षक देवेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि जो युवा एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं या किसी कारणवश अब तक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज नहीं करा पाए हैं, वे अपना पंजीकरण अवश्य कराएं। उन्होंने बताया कि इसके लिए संबंधित क्षेत्र के बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) से संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा भारत निर्वाचन आयोग के पोर्टल voters.eci.gov.in या ईसीआईनेट ऐप के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन भी किया जा सकता है।

कॉलेजों को पात्र विद्यार्थियों का विवरण देने के निर्देश

जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि जनपद के सभी इंटर कॉलेजों और डिग्री कॉलेजों के प्रधानाचार्यों एवं प्राचार्यों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने संस्थान में पंजीकृत छात्र-छात्राओं का विवरण तैयार करें। इसमें 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके विद्यार्थियों की कुल संख्या, पहले से मतदाता सूची में पंजीकृत विद्यार्थियों और शेष पात्र विद्यार्थियों की जानकारी शामिल होगी।

उन्होंने कहा कि जो पात्र छात्र-छात्राएं अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हैं, उनसे फॉर्म-6 भरवाकर संबंधित बीएलओ अथवा निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) कार्यालय में जमा कराया जाए। स्वीप प्रभारी ने कहा कि अभियान के तहत विशेष रूप से युवा और महिला मतदाताओं के पंजीकरण पर ध्यान दिया जा रहा है, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।

49 छात्राओं ने कराया नया पंजीकरण

सह जिला विद्यालय निरीक्षक विवेक सिंह ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में लोकतांत्रिक भागीदारी बढ़ाना और ‘कोई भी पात्र मतदाता छूटे नहीं’ के संकल्प को पूरा करना है। उन्होंने छात्राओं से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और निर्धारित प्रक्रिया के तहत मतदाता बनने की अपील की।

विद्यालय की प्रधानाचार्य मंजू लता वर्मा ने बताया कि जीजीआईसी में 18 वर्ष से अधिक आयु की कुल 51 छात्राएं पंजीकृत हैं। इनमें से दो छात्राएं पहले से मतदाता हैं। शेष 49 छात्राओं में छह ने ऑनलाइन और 43 ने ऑफलाइन माध्यम से फॉर्म-6 भरकर मतदाता बनने के लिए आवेदन किया है।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने मतदाता जागरूकता से जुड़े पोस्टर बनाए और उनके माध्यम से लोगों को मतदाता बनने के लिए प्रेरित किया। छात्राओं ने संकल्प लिया कि वे स्वयं मतदाता बनेंगी और अपने परिवार तथा मोहल्ले के अन्य पात्र लोगों को भी मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए जागरूक करेंगी।

कार्यक्रम का संचालन आदर्श वर्मा ने किया। इस अवसर पर स्वीप कोआर्डिनेटर सैय्यद मोहम्मद मुस्तफा, सह जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश यादव, ईएलसी नोडल अक्सीर फात्मा, माला सिंह, राधा मिश्रा, मधुबाला सिंह, गरिमा सिंह, सीमा सिंह, कैंपस एंबेसडर दीपांजलि सोनकर, जानवी सिंह और पवित्रा साहू सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।

SHARE THIS ARTICLE
ABOUT AUTHOR
Satyameva Jayate News
Satyameva Jayate News ✓
Satyameva Jayate News के लिए समाचार और विशेष रिपोर्ट प्रकाशित करते हैं।

🌤️ मौसम अपडेट

LIVE
मौसम की ताज़ा जानकारी लोड हो रही है…

🔮 आज का राशिफल

♈

मेष

आज का राशिफल लोड हो रहा है…

यह दैनिक राशिफल सामान्य ज्योतिषीय संकेतों पर आधारित है।

ताज़ा ख़बरें