
विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियां तेज, मतदान कार्मिकों का डेटाबेस तैयार करने के निर्देश

जौनपुर। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मतदान कार्मिकों का डेटाबेस तैयार करने के संबंध में प्रशिक्षण बैठक आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानन्द झा ने की।
बैठक में निर्वाचन कार्मिकों का विवरण इलेक्शन पर्सनल डिप्लॉयमेंट सिस्टम (EPDS) पोर्टल पर अपलोड करने की प्रक्रिया समझाई गई। तकनीकी कार्मिकों ने विभिन्न विभागों के पटल सहायकों और कंप्यूटर ऑपरेटरों को डेटा एंट्री तथा पोर्टल संचालन का प्रशिक्षण दिया।
अपर जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देश दिया कि अपने कर्मचारियों का सही और पूर्ण विवरण निर्धारित समयसीमा में पोर्टल पर अपलोड कराएं। उन्होंने डेटा फीडिंग में किसी भी प्रकार की त्रुटि और लापरवाही न बरतने तथा सभी सूचनाओं का सत्यापन सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में जिला विकास अधिकारी मीनाक्षी देवी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।








