
डीएम और एसएसपी ने जिला कारागार का किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था परखी

जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने शनिवार को जिला कारागार का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। इस दौरान जेल अधीक्षक भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कारागार की सुरक्षा व्यवस्था और बंदियों को मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान बैरकों, भोजनालय, चिकित्सालय, मुलाकाती कक्ष और सीसीटीवी नियंत्रण कक्ष समेत अन्य महत्वपूर्ण स्थानों की जांच की गई। अधिकारियों ने बंदियों से बातचीत कर उनके भोजन, स्वास्थ्य और अन्य मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। इसके साथ ही जेल के अभिलेखों, सुरक्षा उपकरणों और साफ-सफाई की व्यवस्था का भी अवलोकन किया।

डीएम और एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों को कारागार की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने, नियमित निगरानी करने और बंदियों को नियमानुसार सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।








