
आधार सेवाओं में लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई

फर्जी केंद्र संचालकों पर एफआईआर के निर्देश
जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. के निर्देशन में शनिवार को विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी नरेंद्र बहादुर सिंह की अध्यक्षता में आधार नामांकन एवं अद्यतन कार्यों की प्रगति समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें जिले में आधार सेवाओं की स्थिति, बच्चों के नामांकन, अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट और आधार केंद्रों के संचालन की समीक्षा की गई।
PET परीक्षा को लेकर जौनपुर में भारी वाहनों की नो-एंट्री, सुबह 6 से रात 8 बजे तक रहेगा प्रतिबंधबैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित विभागों को आधार नामांकन और अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के आधार नामांकन तथा 5 से 7 वर्ष और 15 से 17 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट का लक्ष्य शत-प्रतिशत पूरा करने पर जोर दिया। इसके लिए विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों और स्वास्थ्य संस्थानों के माध्यम से विशेष अभियान चलाने को कहा।
उन्होंने भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) की ओर से उपलब्ध कराए गए आधार ऐप का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिए। कहा कि आमजन को ऐप की सुविधाओं और उपयोग के प्रति जागरूक किया जाए, ताकि वे डिजिटल आधार प्रोफाइल, क्यूआर कोड आधारित सुरक्षित पहचान सत्यापन और आधार विवरण साझा करने सहित अन्य सुविधाओं का लाभ उठा सकें।
मुख्य विकास अधिकारी ने जिले में संचालित आधार केंद्रों की नियमित निगरानी और जांच सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने चेतावनी दी कि फर्जी आधार केंद्र चलाने, नामांकन एवं अद्यतन प्रक्रिया में अनियमितता करने, धोखाधड़ी या आधार डेटा से छेड़छाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने निर्देश दिया कि अनियमितताओं की पुष्टि होने पर संबंधित केंद्र संचालकों एवं दोषी व्यक्तियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने सहित आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आधार सेवाओं में पारदर्शिता, सुरक्षा और विश्वसनीयता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।







