
श्रीमद्भागवत कथा के सफल आयोजन पर गहना कोठी परिवार ने जताया आभार

हजारों श्रद्धालुओं का मिला स्नेह और सहयोग
जौनपुर। गहना कोठी परिवार की ओर से आयोजित भव्य श्रीमद्भागवत कथा का शनिवार को भक्तिमय वातावरण में सफलतापूर्वक विश्राम हुआ। कथा के समापन के साथ ही आयोजन से जुड़े श्रद्धालुओं, सहयोगियों और शुभचिंतकों के प्रति गहना कोठी परिवार ने हृदय से आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर गहना कोठी के अधिष्ठाता विनीत सेठ ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा का यह आध्यात्मिक आयोजन केवल एक धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि हजारों श्रद्धालुओं के प्रेम, आस्था, समर्पण और सामूहिक सहभागिता का अद्भुत संगम बन गया।
उन्होंने कहा कि भव्य कलश यात्रा से लेकर कथा के अंतिम दिन तक जिस उत्साह, श्रद्धा और आत्मीयता के साथ श्रद्धालुओं ने अपनी सहभागिता निभाई, वह पूरे गहना कोठी परिवार के लिए अविस्मरणीय है। हमारे स्नेहिल आमंत्रण को स्वीकार कर प्रतिदिन बड़ी संख्या में कथा श्रवण के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं ने आयोजन की गरिमा और भव्यता को नई ऊंचाई प्रदान की। सभी से प्राप्त असीम स्नेह और सहयोग के लिए परिवार स्वयं को सौभाग्यशाली महसूस कर रहा है।
गहना कोठी के अधिष्ठाता विनीत सेठ ने कहा कि किसी भी बड़े आयोजन की सफलता केवल आयोजकों के प्रयासों से संभव नहीं होती, बल्कि उसमें प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति का योगदान महत्वपूर्ण होता है। इस आयोजन को सफल एवं सार्थक बनाने में जिन लोगों ने तन, मन और कर्म से सहयोग किया, उन सभी के प्रति गहना कोठी परिवार कृतज्ञ है। उन्होंने विशेष रूप से उन सभी श्रद्धालुओं, सहयोगियों, शुभचिंतकों और व्यवस्थाओं में योगदान देने वाले लोगों का धन्यवाद ज्ञापित किया, जिन्होंने पूरे आयोजन में अपना अमूल्य सहयोग दिया।
उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा के माध्यम से प्राप्त आध्यात्मिक अनुभूति, भक्ति भाव और श्रद्धालुओं का अपनापन परिवार के लिए अनमोल स्मृति बनकर रहेगा। कथा के दौरान जिस प्रकार लोगों ने एकजुट होकर धर्म, भक्ति और आध्यात्मिकता के इस उत्सव में भागीदारी की, वह सामाजिक समरसता और आपसी सद्भाव का भी सुंदर उदाहरण है।
अंत में गहना कोठी के अधिष्ठाता विनीत सेठ ने समस्त गहना कोठी परिवार की ओर से सभी के प्रति अनंत आभार व्यक्त करते हुए ईश्वर से श्रद्धालुओं, सहयोगियों और शुभचिंतकों के सुखमय, समृद्ध एवं मंगलमय जीवन की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि सभी का स्नेह, आशीर्वाद और विश्वास परिवार के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा।








