
महाअष्टमी पर मां महागौरी के दर्शन-पूजन को चौकियां धाम में उमड़े हजारों श्रद्धालु

चौकियां धाम, जौनपुर। शारदीय नवरात्र की महाअष्टमी पर रविवार को पूर्वांचल के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल मां शीतला चौकियां धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। हजारों भक्तों ने मां शीतला के महागौरी स्वरूप का दर्शन-पूजन कर सुख-समृद्धि की कामना की और माता रानी के दरबार में मत्था टेका। मंदिर परिसर मां के जयकारों से गूंज उठा और पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
रविवार भोर में चार बजे मंदिर का कपाट खुलते ही दर्शनार्थियों का आगमन शुरू हो गया। मंदिर के पुजारी चंद्रदेव पंडा ने माता रानी का भव्य श्रृंगार कर विधि-विधान से आरती-पूजन किया। श्रद्धालु कतारबद्ध होकर दर्शन करते नजर आए। महाअष्टमी के अवसर पर हवन-पूजन और कन्या पूजन को लेकर भी भक्तों में विशेष उत्साह रहा।
मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी झालरों और आकर्षक रोशनी से सजाया गया है। मां शीतला के दर्शन के बाद श्रद्धालुओं ने सत्यनारायण मंदिर, काल भैरवनाथ मंदिर, काली मंदिर और हनुमान मंदिर में भी पूजन-अर्चन किया।
धार्मिक मान्यता के अनुसार, नवरात्र के आठवें दिन मां दुर्गा के आठवें स्वरूप मां महागौरी की पूजा की जाती है। उनका स्वरूप अत्यंत गौर वर्ण का है और वे वृषभ पर विराजमान रहती हैं। इस दिन कन्या पूजन, हवन और विशेष भोग अर्पित करने का विधान है।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र में पुलिस तथा पीएसी के जवान तैनात रहे। आजमगढ़ मार्ग से आने वाले वाहनों के लिए मंदिर से करीब 300 मीटर दूर पूर्वी मुख्य मार्ग पर पार्किंग की व्यवस्था की गई, जबकि वाराणसी, शाहगंज, सुल्तानपुर और जौनपुर की ओर से आने वाले वाहनों के लिए बड़ागर चौराहे के पास पश्चिमी मुख्य मार्ग पर पार्किंग निर्धारित की गई। चौकी प्रभारी राम प्रकाश यादव सहयोगी पुलिसकर्मियों के साथ मेला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था संभालते रहे।










