
सीएचसी मछलीशहर का औचक निरीक्षण, 132 प्रकार की दवाएं मिलीं

जौनपुर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गंगाराम गौतम ने बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मछलीशहर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल के विभिन्न कक्षों, दवा भंडार और स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण में कुछ संविदा कर्मियों के कार्यस्थल पर मौजूद होने के बावजूद उपस्थिति पंजिका पर हस्ताक्षर नहीं करने का मामला सामने आया।
सीएमओ ने संबंधित कर्मचारियों को नियमित रूप से उपस्थिति पंजिका पर हस्ताक्षर करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसा नहीं करने पर संबंधित कर्मचारियों को अनुपस्थित माना जाएगा।
निरीक्षण के दौरान औषधि भंडार, प्रसव कक्ष, एएनसी कक्ष समेत अन्य कक्षों का अवलोकन किया गया। सभी कक्ष साफ-सुथरे और व्यवस्थित पाए गए। औषधि भंडार में आवश्यक औषधि सूची के सापेक्ष कुल 132 प्रकार की दवाएं उपलब्ध मिलीं। सीएमओ ने फार्मासिस्ट को समयावधि समाप्ति के निकट पहुंच रही दवाओं की सूची तैयार करने और उनका समय से प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि निर्धारित अवधि के भीतर उनका उपयोग किया जा सके।
प्रसव कक्ष के निरीक्षण के दौरान स्टाफ नर्स को निर्देशित किया गया कि प्रत्येक प्रसव के बाद संबंधित लाभार्थी के आधार कार्ड और बैंक पासबुक की छायाप्रति अनिवार्य रूप से प्राप्त कर सुरक्षित रखी जाए। इससे जननी सुरक्षा योजना के तहत लाभार्थियों को समय से भुगतान सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल के अधीक्षक ने सीएमओ को बताया कि चिकित्सालय में एआरवी और एएसवी पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। सीएमओ ने अधिकारियों और कर्मचारियों को अस्पताल की व्यवस्थाएं सुचारु बनाए रखने तथा मरीजों को बेहतर और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के समय सभी अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित पाए गए।








