
खेतासराय में NH-135A की सड़क बदहाल, धूल से लोग परेशान

गड्ढों में डाली गई गिट्टी धूल में बदली, राहगीरों और दुकानदारों ने स्थायी मरम्मत की मांग की
जौनपुर। खेतासराय कस्बे से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-135A की बदहाल सड़क लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। गड्ढों को भरने के लिए डाली गई मिट्टी वाली गिट्टी अब धूल में बदल गई है। वाहनों के गुजरने पर सड़क पर धूल के गुबार उठते हैं, जिससे राहगीरों और आसपास के दुकानदारों को परेशानी हो रही है।
सबसे अधिक दिक्कत पैदल चलने वालों और दोपहिया वाहन चालकों को हो रही है। धूल से बचने के लिए लोगों को मुंह और आंखों को कपड़े से ढककर गुजरना पड़ रहा है। धूल के कारण वाहन चालकों को सामने देखने में भी परेशानी होती है, जिससे हादसे का खतरा बना रहता है।
सड़क के दोनों ओर स्थित दुकानों में भी दिनभर धूल पहुंच रही है। दुकानदारों को बार-बार सफाई करनी पड़ रही है। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से सड़क की स्थायी मरम्मत कराने और तब तक धूल रोकने के लिए नियमित पानी का छिड़काव कराने की मांग की है।








