जौनपुर। सरपतहां थाना क्षेत्र के सारी जहांगीर पट्टी गांव से 19 वर्षीय युवक रविवार से लापता है। युवक बोलने में अक्षम है। वह दोपहर करीब एक बजे घर से रामनगर बाजार जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने रिश्तेदारों और संभावित स्थानों पर तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
लापता युवक की पहचान प्रभाकर उपाध्याय उर्फ पप्पू, पुत्र गंगा प्रसाद के रूप में हुई है। वह काली शर्ट, काला लोवर और स्लीपर पहनकर घर से निकला था। बताया गया कि रामनगर बाजार में वह एक परिचित ट्रैक्टर चालक के साथ ट्रैक्टर से सरपतहां मोड़ तक पहुंचा। वहां से सूरापुर की ओर जाने वाले ऑटो में बैठने के बाद उसका कोई पता नहीं चला।
प्रभाकर अपनी मां कुसुम देवी के साथ रहता है। उसके दो बड़े भाई गुजरात में रहते हैं। बेटे के लापता होने से मां का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने सरपतहां थाने में शिकायत देकर बेटे की जल्द बरामदगी की गुहार लगाई है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।

