सरायख्वाजा पुलिस ने थार, स्कार्पियो और अर्टिगा कार की बरामद, सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के करंजाकला मोड़ तिराहे के पास एक युवक को घेरकर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त थार, स्कार्पियो और अर्टिगा कार को भी कब्जे में लेकर सीज कर दिया है। पुलिस के अनुसार, 9 सितंबर को करंजाकला मोड़ तिराहे के पास वादी के भाई विपिन यादव उर्फ मखन्चु अपनी गाड़ी में बैठे थे। इसी दौरान थार, स्कार्पियो और अर्टिगा में सवार आरोपियों ने उन्हें घेर लिया और कथित रूप से जान से मारने की नीयत से असलहे से फायरिंग की। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। मामले में सरायख्वाजा थाने में मुकदमा संख्या 508/2026 के तहत धारा 109(1), 3(5) बीएनएस और 7 सीएलए एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया।
सीसीटीवी फुटेज से हुई पहचान
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया गया। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और स्थानीय लोगों से पूछताछ की। जांच में आरोपियों की संलिप्तता सामने आने के बाद पुलिस ने 10 सितंबर को पांचों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में अंकित पाल निवासी खजुरा, करिया यादव निवासी खजुरा, रंजीत प्रजापति निवासी खजुरा, धीरज यादव निवासी आदमपुर मझौरा और मोनू यादव निवासी बरैयाकाजी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, करिया यादव के खिलाफ सरायख्वाजा थाने में पूर्व में भी एक मुकदमा दर्ज है, जिसमें भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के साथ अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम की धारा भी शामिल है।
तीन वाहन किए गए सीज
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त काले रंग की थार संख्या यूपी 62 डीके 8884, सफेद रंग की स्कार्पियो संख्या यूपी 14 सीएम 8079 और सफेद रंग की अर्टिगा संख्या यूपी 75 एएम 9687 बरामद की है। तीनों वाहनों को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सिंह, उपनिरीक्षक गोबिन्द मौर्या, उपनिरीक्षक तारकेश्वर राय, मुख्य आरक्षी हरिन्द्र कुमार, परमात्मानन्द और सुभाष चन्द यादव, आरक्षी विनोद सिंह और कृष्णानन्द यादव तथा रिजर्व आरक्षी कृष्ण कुमार गौड, विकास कुमार और संदीप सिंह शामिल रहे।

