• Thu. Sep 10th, 2026

    जनगणना-2027 के द्वितीय चरण को लेकर प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित

    जनगणना-2027 के द्वितीय चरण को लेकर प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित
    Share

    डीएम ने दिए समयबद्ध कार्य पूरा करने के निर्देश

    जौनपुर। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के सफल और प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. की अध्यक्षता में प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में जनगणना की तैयारियों, प्रक्रिया, समय-सारिणी और आमजन में जागरूकता एवं व्यापक प्रचार-प्रसार को लेकर अधिकारियों को विस्तार से जानकारी दी गई।

    कार्यशाला में सांख्यिकीय अन्वेषक, जनगणना कार्य निदेशालय उत्तर प्रदेश के युवराज गर्ग ने जनगणना-2027 के द्वितीय चरण से संबंधित विभिन्न बिंदुओं की जानकारी दी। उन्होंने अधिकारियों को जनगणना कार्य की प्रक्रिया, निर्धारित समय-सारिणी और तैयारियों के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही जनगणना को लेकर लोगों को जागरूक करने और अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करने पर जोर दिया।

    जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनगणना का कार्य अंतर्विभागीय समन्वय के साथ निर्धारित समयसीमा में पूरा कराया जाए। उन्होंने कहा कि कार्य में समयबद्धता के साथ गुणवत्ता का भी विशेष ध्यान रखा जाए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जनगणना कर्मियों की ड्यूटी उनके संज्ञान में लाए बिना किसी भी स्थिति में न हटाई जाए।

    उन्होंने कहा कि जनगणना देश के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है। जनगणना से प्राप्त आंकड़े भविष्य की योजनाओं के निर्माण और नीति निर्धारण में महत्वपूर्ण आधार प्रदान करते हैं। इसके माध्यम से देश के प्रत्येक नागरिक से संबंधित सामाजिक और आर्थिक जानकारी सूक्ष्म स्तर तक उपलब्ध होती है। इसलिए जनगणना कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

    बताया गया कि जनगणना के द्वितीय चरण में कुल 40 प्रश्न शामिल होंगे। इस चरण में ‘जो जहां है’ के आधार पर जनसंख्या की गणना की जाएगी। स्व-गणना की प्रक्रिया 16 नवंबर से 30 नवंबर तक चलेगी। इसके बाद जनसंख्या गणना का कार्य 1 दिसंबर से 4 जनवरी 2027 तक कराया जाएगा।

    जिले में जनगणना कार्य के लिए 11 हजार से अधिक गणना ब्लॉक बनाए जाएंगे। इसके लिए प्रगणकों और पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण नवंबर 2026 से पहले पूरा कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि प्रशिक्षण सहित सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं, जिससे निर्धारित अवधि में जनगणना कार्य को सुचारु रूप से संपन्न कराया जा सके।

    इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व परमानंद झा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *