जौनपुर। नेवढ़िया थाना क्षेत्र के हरसिंहपुर गांव में गुरुवार सुबह सड़क हादसे में 18 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से स्कूटी सवार युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आपको बता दें कि जलालपुर थाना क्षेत्र के सुअरी पसियाही गांव निवासी यश गुप्ता अपने ननिहाल अहिरौली कुत्तूपुर गांव आए हुए थे। गुरुवार सुबह करीब 9:30 बजे वह स्कूटी से इटाएं बाजार जा रहे थे। तभी हरसिंहपुर गांव के पास सामने से आ रहे ट्रैक्टर ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि यश गुरुवार को ही मुंबई जाने वाले थे और उनका गोदान एक्सप्रेस में आरक्षित टिकट भी था। उनके माता-पिता मुंबई में रहते हैं। घटना से परिवार में कोहराम मच गया है। नेवढ़िया थानाध्यक्ष राजाराम द्विवेदी ने बताया कि ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।


