जौनपुर। खेतासराय में लगने वाला पारंपरिक गाजी मियां का मेला इस वर्ष भी प्रशासनिक अनुमति न मिलने के कारण आयोजित नहीं हो सका। प्रशासन ने शांति व्यवस्था का हवाला देते हुए मेले की अनुमति देने से इनकार कर दिया। पिछले वर्ष भी मेले पर रोक लगाई गई थी। मेले पर प्रतिबंध के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था कम नहीं हुई। नगर के उत्तरी छोर स्थित डोभी वार्ड और लहबर क्षेत्र की ओर दिनभर लोगों का आना-जाना लगा रहा। कई श्रद्धालु गाजी मियां की मजार पर मत्था टेकने पहुंचे, लेकिन पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया। कुछ लोगों को समझाकर वापस भेजा गया, जबकि कई को वहां से हटाया गया। मजार के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहा। उपनिरीक्षक अनिल पाठक और संजय पांडेय सहित पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद रहे। खुटहन से आई श्रद्धालु फूलमती ने बताया कि वह वर्षों से यहां आ रही हैं और इस बार भी चढ़ावा लेकर पहुंची थीं। मेले पर रोक के चलते खेतासराय से गोरारी तक लगने वाली दुकानें, झूले और सर्कस इस बार पूरी तरह नदारद रहे। थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने गुरुवार की शाम करीब 4 बजे बताया कि बिना अनुमति किसी भी गतिविधि की इजाजत नहीं दी जाएगी।


