शाहगंज (जौनपुर)। शाहगंज पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल के साथ एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी शाहगंज के पर्यवेक्षण में की गई।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अरशद पुत्र बिस्मिल्लाह निवासी राजापुर हुबीगंज, थाना दीदारगंज, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई है। उसे न्यू सब्जी मंडी, शाहगंज क्षेत्र से चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (संख्या यूपी 62 सीएम 8149) के साथ गिरफ्तार किया गया।
बताया गया कि वादी विनोद यादव निवासी ठकठौलिया, थाना शाहगंज की मोटरसाइकिल रामलीला मैदान से चोरी हो गई थी। मंगलवार को सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से आरोपी को चोरी की बाइक सहित पकड़ लिया।
गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना शाहगंज में भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) एवं 317(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक तेज बहादुर सिंह तथा उपनिरीक्षक ओम प्रकाश पांडेय पुलिस बल के साथ शामिल रहे।


