मछलीशहर (जौनपुर)। परगना मुंगरा के ग्राम रामनगर में नाली खाते की सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जे को अदालत के बेदखली आदेश के अनुपालन में मंगलवार को हटवा दिया गया। प्रभारी तहसीलदार हुसैन अहमद ने राजस्व एवं पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर जेसीबी की सहायता से अवैध निर्माण ध्वस्त कर भूमि को कब्जामुक्त कराया।
प्रभारी तहसीलदार ने बताया कि पंधारी बिंद पुत्र गामा, फूलचंद्र बिंद पुत्र भागीरथी तथा रामबली पाल पुत्र लोढ़ई ने नाली खाते की सुरक्षित भूमि पर अवैध रूप से पशुशाला का निर्माण कर लिया था। इस मामले की सुनवाई तहसीलदार न्यायालय में चल रही थी, जहां बेदखली का आदेश पारित किया गया।
आरोपितों ने तहसीलदार न्यायालय के आदेश के विरुद्ध जिलाधिकारी न्यायालय में अपील दायर की, लेकिन जिलाधिकारी न्यायालय ने भी तहसीलदार के आदेश को बरकरार रखते हुए उपजिलाधिकारी को तत्काल अवैध कब्जा हटाने के निर्देश दिए।
इसी क्रम में मंगलवार को राजस्व और पुलिस टीम की मौजूदगी में बेदखली आदेश का अनुपालन कराया गया। जेसीबी से अवैध निर्माण हटाकर नाली खाते की सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त करा दिया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

