बदलापुर (जौनपुर)। हस्तशिल्प सेवा केंद्र, कार्यालय विकास आयुक्त (हस्तशिल्प), वस्त्र मंत्रालय, भारत सरकार, वाराणसी की ओर से सल्तनत बहादुर पीजी कॉलेज, बदलापुर में आयोजित तीन दिवसीय शिल्प प्रदर्शन सह जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत मंगलवार को दूसरे दिन वृक्षारोपण किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यालय एवं महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं को भारतीय हस्तशिल्प परंपरा से परिचित कराते हुए शिल्प के प्रति जागरूक बनाना है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को कढ़ाई शिल्प, जरी-जरदोजी, टेराकोटा एवं मूंज शिल्प की जानकारी दी गई। सिद्ध हस्तशिल्पी जेबी अख्तर, अफसाना बानो, दिनेश प्रजापति एवं दिनेश कुमार अगले दिनों तक लाइव प्रदर्शन के माध्यम से शिल्प निर्माण की बारीकियां, उसके व्यावहारिक उपयोग, प्रचार-प्रसार तथा स्वरोजगार की संभावनाओं से विद्यार्थियों को अवगत कराएंगे।
कार्यक्रम में कालीन प्रशिक्षण अधिकारी भवानी प्रसाद, सचिव ठाकुरबाड़ी महिला विकास कल्याण समिति, कॉलेज के प्रबंधक श्याम सिंह सहित प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। आदरणीय प्राचार्य प्रो. अखण्ड प्रताप सिंह के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में शिक्षकों और प्रबंधन समिति ने सक्रिय सहभागिता करते हुए आयोजन को सफल बनाया।


