जौनपुर। केराकत कोतवाली क्षेत्र के अजोरपुर गांव में सोमवार तड़के एक वृद्ध दंपती के घर हुई चोरी की घटना ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया। प्रारंभिक सूचना डकैती की मिलने पर वरिष्ठ अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे, लेकिन जांच में मामला चोरी का निकला। डायल 112 पर सूचना मिली थी कि कुछ नकाबपोश बदमाशों ने असलहे के बल पर वृद्ध दंपती के घर डकैती की है। सूचना मिलते ही एसपी सिटी आयुष श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी केराकत अजीत सिंह चौहान तथा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार पांडेय पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की।
पीड़ित त्रिभुवन राय के अनुसार उनकी पत्नी गिरीश देवी घर के एक कमरे में सो रही थीं। भोर करीब ढाई बजे उनकी नींद खुली तो तीन-चार नकाबपोश घर के अंदर दिखाई दिए। आरोप है कि बदमाशों ने उन्हें कमरे में बंद कर दिया। बाद में वह किसी तरह छत पर पहुंचीं और शोर मचाया। आवाज सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक चोर फरार हो चुके थे। जांच में पता चला कि चोरों ने चार बक्सों के ताले तोड़कर उनमें रखे आभूषण और करीब 10 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। चोरी गए सामान में मंगलसूत्र, कान के टॉप्स, चांदी की पायल और बिछिया शामिल हैं।
कोतवाली प्रभारी अरविंद कुमार पांडेय ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द घटना के खुलासे का प्रयास किया जा रहा है।

