मिशन शक्ति के तहत बालिकाओं में बढ़ाया आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता
जौनपुर। मिशन शक्ति के तहत महिला सुरक्षा, बालिकाओं में आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से महिला थाना जौनपुर में गुरुवार को अनूठी पहल की गई। ‘समग्र’ अभियान के अंतर्गत मिशन शक्ति (पिंक बीट) के तहत गुलाबी देवी बालिका इंटर कॉलेज, कन्हईपुर, लाइन बाजार की कक्षा-9 की छात्रा कु. भूमि दुबे को एक दिन के लिए महिला थाना प्रभारी बनाया गया।
महिला थाना प्रभारी श्यामा तिवारी एवं उनकी टीम की मौजूदगी में छात्रा भूमि दुबे ने महिला थाना प्रभारी के रूप में पुलिस की कार्यप्रणाली को करीब से समझा। उन्होंने थाना कार्यालय का भ्रमण किया और वहां आने वाले फरियादियों की समस्याओं को सुना। इस दौरान छात्रा को महिलाओं से संबंधित शिकायतों के निस्तारण, पुलिस की कार्यप्रणाली तथा महिला सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई।
महिला थाना प्रभारी की जिम्मेदारी संभालते हुए छात्रा ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कार्यों को समझने में रुचि दिखाई। पुलिस टीम ने उन्हें बताया कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस किस प्रकार शिकायतों पर कार्रवाई करती है तथा जरूरतमंद महिलाओं को किस तरह सहायता उपलब्ध कराई जाती है।
महिला थाना पुलिस की ओर से आयोजित इस पहल का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं को पुलिस की कार्यप्रणाली से परिचित कराने के साथ उनमें नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और निर्णय लेने की क्षमता विकसित करना है। साथ ही बालिकाओं को महिला सुरक्षा से संबंधित अधिकारों और पुलिस की ओर से उपलब्ध सहायता के प्रति जागरूक करना भी इसका उद्देश्य है।
इस अवसर पर छात्रा भूमि दुबे ने पुलिस व्यवस्था को नजदीक से समझा और महिला थाना प्रभारी की भूमिका का अनुभव प्राप्त किया। पुलिस अधिकारियों ने छात्रा को महिला सुरक्षा, आत्मरक्षा और किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया।
मिशन शक्ति के तहत इस प्रकार के कार्यक्रम बालिकाओं को यह विश्वास दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं कि वे समाज में अपनी मजबूत पहचान बना सकती हैं और आवश्यकता पड़ने पर नेतृत्व की भूमिका भी निभा सकती हैं। महिला थाना जौनपुर की इस पहल से बालिकाओं में पुलिस के प्रति विश्वास और महिला सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश गया।



