जौनपुर। उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती की लिखित परीक्षा के दूसरे दिन मंगलवार को दूसरी पाली शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। इस पाली में पंजीकृत 9,480 अभ्यर्थियों में से 7,060 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 2,420 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
जनपद में यह परीक्षा 10 जून तक कुल छह पालियों में आयोजित की जा रही है। इसके लिए 21 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल 56,880 अभ्यर्थियों को परीक्षा देनी है। परीक्षा की निष्पक्षता और सुरक्षा व्यवस्था के लिए 21 केंद्र व्यवस्थापक, 21 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 21 स्टैटिक मजिस्ट्रेट समेत लगभग 1,200 कर्मियों की तैनाती की गई है।
परीक्षा देकर बाहर निकले अभ्यर्थियों ने प्रश्नपत्र के स्तर को लेकर मिश्रित प्रतिक्रिया दी। बलिया के अभ्यर्थी सुनील राजभर ने बताया कि पेपर सामान्य रूप से आसान था, हालांकि राजनीति से जुड़े एक प्रश्न ने उन्हें उलझन में डाल दिया। उन्होंने एक प्रश्न के गलत होने की भी बात कही।
मिर्जापुर के सुनील कुमार के अनुसार प्रश्नपत्र का स्तर आसान था, लेकिन सामान्य अध्ययन (जीएस) के कुछ प्रश्न अपेक्षाकृत कठिन थे। वहीं गाजीपुर के रोहित यादव ने गणित खंड को सबसे चुनौतीपूर्ण बताया। अभ्यर्थियों का कहना था कि हिंदी और सामान्य ज्ञान से अपेक्षाकृत कम प्रश्न पूछे गए।
जिला प्रशासन की निगरानी में परीक्षा सभी केंद्रों पर शांतिपूर्ण और नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराई जा रही है।

