खुटहन (जौनपुर), 19 जुलाई। शाहगंज विधानसभा क्षेत्र में खेल सुविधाओं के विस्तार की मांग को लेकर 11 वर्षीय राघव पालीवाल ने जनता दर्शन में विधायक रमेश सिंह को ज्ञापन सौंपकर इंडोर बैडमिंटन कोर्ट के निर्माण की मांग की। सेंट थॉमस रोड, शाहगंज निवासी पशुचिकित्साधिकारी डॉ. आलोक सिंह पालीवाल के पुत्र राघव ने कहा कि क्षेत्र में बच्चों और युवाओं के लिए बैडमिंटन खेलने की समुचित सुविधा नहीं है। इंडोर स्टेडियम बनने से स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलेगा।
राघव की पहल की सराहना करते हुए विधायक रमेश सिंह ने मौके पर ही नायब तहसीलदार पियूष सिंह और हल्का लेखपाल सौरभ से बातचीत कर उपयुक्त भूमि चिन्हित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में इंडोर बैडमिंटन स्टेडियम का निर्माण उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है और इसके लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर पंकज सिंह सहित अन्य लोगों ने भी राघव की जागरूकता और खेल भावना की प्रशंसा की।


