जफराबाद। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) ने गुरुवार को विकासखंड सिरकोनी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सिरकोनी का औचक निरीक्षण किया। सीएमओ के अचानक पहुंचने से स्वास्थ्य केंद्र में हड़कंप मच गया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने सबसे पहले शौचालय की साफ-सफाई का जायजा लिया। इसके बाद ओपीडी रजिस्टर एवं उपस्थिति पंजिका की जांच कर कर्मचारियों की उपस्थिति देखी। समय पर सभी चिकित्सक एवं कर्मचारी उपस्थित मिले, जबकि देर से पहुंचने पर स्टाफ नर्स प्रतिभा मिश्रा को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।
सीएमओ ने सीएचसी अधीक्षक डॉ. राजीव कुमार को निर्देशित किया कि अस्पताल आने वाले सभी मरीजों का यथासंभव उपचार किया जाए तथा गंभीर मरीजों को एंबुलेंस के माध्यम से जिला चिकित्सालय रेफर किया जाए। उन्होंने गर्मी को देखते हुए पेयजल व्यवस्था का भी निरीक्षण किया और कूलर की जांच कर संतोष व्यक्त किया।
निरीक्षण के समय डॉ. राजीव कुमार, डॉ. मनोज गौतम, अभिषेक मिश्रा, जितेंद्र मिश्रा, प्रतिमा यादव, जमील अहमद, विनोद कुमार, विशाल यादव एवं प्रतिमा पांडेय सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।
इसके बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) जफराबाद का भी निरीक्षण किया। यहां चिकित्सक और फार्मासिस्ट अनुपस्थित मिले, जबकि केवल चौकीदार संजय सिंह, वार्ड बॉय अमित तथा सीएचओ प्रतिमा सिंह उपस्थित थीं।
बाद में सीएमओ ने बताया कि अनुपस्थित चिकित्सक को नोडल अधिकारी बनाकर लखनऊ में आयोजित बैठक में भेजा गया है, जिसके कारण वे अस्पताल में मौजूद नहीं थे।

