• Thu. Jun 18th, 2026

    संदिग्ध परिस्थितियों में वृद्ध की मौत, पोते ने महिला समेत चार पर हत्या का लगाया आरोप

    Share

    चंदवक, जौनपुर। थाना क्षेत्र के बीरभानपुर गांव के समीप मोढ़ैला-रतनूपुर मार्ग के किनारे गुरुवार सुबह 75 वर्षीय दुलार यादव का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक बन्तरी गांव के निवासी थे। परिजनों ने हत्या कर शव को घटनास्थल पर लाकर फेंके जाने की आशंका जताते हुए महिला समेत चार लोगों के खिलाफ तहरीर दी है।

    जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब सात बजे दुलार यादव का शव बीरभानपुर स्थित उनके नए मकान के सामने सड़क किनारे पड़ा मिला। सूचना मिलने पर पोते आदित्य यादव मौके पर पहुंचे तो उन्होंने दादा के सिर पर गंभीर चोट के निशान तथा मुंह, नाक और कान से खून निकलते देखा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

    पोते आदित्य यादव ने आरोप लगाया कि उनके दादा की हत्या कहीं और करने के बाद शव को मकान के सामने लाकर फेंका गया। बाद में उन्होंने गांव की एक महिला सहित चार लोगों के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी। तहरीर में कहा गया है कि आरोपियों ने दादा से करीब 10 बिस्वा जमीन की रजिस्ट्री कराई थी, जिसका परिवार ने विरोध करते हुए न्यायालय में मुकदमा दायर किया था। जमीन का विवाद अब भी विचाराधीन है, जिससे आरोपी रंजिश रखते थे।

    घटना के बाद क्षेत्र में भूमि विवाद और आर्थिक लेनदेन को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। बताया जा रहा है कि मृतक ने लगभग 10 बिस्वा जमीन एक पूर्व प्रधान प्रतिनिधि के नाम रजिस्ट्री की थी, जिसका परिवार विरोध कर रहा था। इसके अलावा बैंक खाते से लगभग 12 लाख रुपये के लेनदेन को लेकर भी विवाद की चर्चा है। हालांकि पुलिस ने इन चर्चाओं की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

    परिजनों के अनुसार, दुलार यादव न तो अपने पैतृक घर और न ही बीरभानपुर स्थित नए मकान में रहते थे। वह वाराणसी जनपद के पहाड़पुर गांव में किराये के कमरे में रहते थे। ऐसे में उनका बीरभानपुर कैसे पहुंचना और वहां मृत अवस्था में मिलना जांच का विषय बना हुआ है।

    प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद ही मृत्यु के कारणों और आगे की कार्रवाई के संबंध में स्पष्ट स्थिति सामने आएगी।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You missed