• Wed. Aug 12th, 2026

    एक माह में दुरुस्त होंगी जौनपुर की सड़कें

    Share

    डीएम ने पीडब्ल्यूडी को दिए गुणवत्ता और समयबद्धता के निर्देश

    जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में बुधवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में लोक निर्माण विभाग की निर्माणाधीन सड़कों एवं संपर्क मार्गों की प्रगति की समीक्षा बैठक हुई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने के साथ निर्धारित मानकों और गुणवत्ता का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

    डीएम ने कहा कि जनपद की सभी सड़कों का निरीक्षण कर उन्हें गड्ढामुक्त कराया जाए। शहरी क्षेत्र की सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर तत्काल दुरुस्त कराने के साथ जिले की सीमा में आने वाले सभी प्रमुख और संपर्क मार्गों को एक माह के भीतर ठीक कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क मरम्मत और निर्माण कार्य केवल खानापूर्ति तक सीमित नहीं रहना चाहिए।

    उन्होंने सड़क निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री और तकनीकी गुणवत्ता की नियमित जांच के निर्देश दिए। इसके लिए जिला स्तरीय अधिकारियों, खंड विकास अधिकारियों, सहायक अभियंताओं और अधिशासी अभियंताओं की कमेटी गठित करने को कहा। टीम अपने-अपने क्षेत्रों में सड़कों का स्थलीय निरीक्षण कर गुणवत्ता की जांच करेगी।

    डीएम ने निर्देश दिया कि निरीक्षण के दौरान सड़क की स्थिति, निर्माण एवं मरम्मत कार्य की गुणवत्ता और आवश्यक सुधारों की जांच कर जियो-टैग फोटोग्राफ सहित रिपोर्ट उसी दिन शाम तक उपलब्ध कराई जाए। कमी या लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

    बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी डॉ. अरुण यादव सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

    Tr

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *